विशाल भारद्वाज की आगामी फिल्म ‘ओ रोमियो’ का ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों के बीच हलचल मचा रहा है। वैलेंटाइन वीक पर सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही इस फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, लेकिन ट्रेलर में जिस कलाकार ने सबसे ज्यादा चौंकाया है, वह हैं अविनाश तिवारी।
अब तक रोमांटिक और संवेदनशील किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले अविनाश तिवारी इस बार एक खतरनाक विलेन के रूप में सामने आए हैं। फिल्म में वह ‘जलाल’ नाम के किरदार को निभा रहे हैं, जो रोमांस की दुनिया से निकलकर हिंसा और बदले की राह पर चलता दिखाई देता है। ट्रेलर में उनका लुक, बॉडी लैंग्वेज और आंखों की बेरुखी दर्शकों को हैरान कर रही है।
अविनाश तिवारी को असली पहचान 2018 की फिल्म ‘लैला मजनू’ से मिली थी, जहां उन्होंने ‘कैस भट्ट’ जैसे टूटे हुए आशिक का किरदार निभाया था। उस फिल्म में उनके साथ तृप्ति डिमरी भी थीं। दिलचस्प बात यह है कि अब ‘ओ रोमियो’ में वही अभिनेता अपनी पुरानी रोमांटिक छवि को पूरी तरह तोड़ते हुए तृप्ति के किरदार का सबसे बड़ा दुश्मन बनता नजर आ रहा है।
पति की जीभ काटने के आरोप में पत्नी गिरफ्तार – Sindhu Times
सोशल मीडिया पर फैंस उनके इस बदलाव की जमकर तारीफ कर रहे हैं। किसी ने उन्हें “गिरगिट जैसा कलाकार” कहा तो किसी ने लिखा कि यह अविनाश का अब तक का सबसे खतरनाक अवतार है। वहीं शाहिद कपूर का दमदार और आक्रामक अंदाज भी ट्रेलर की बड़ी खासियत बनकर उभरा है।
विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी यह फिल्म 13 फरवरी 2026 को रिलीज होगी। फिल्म में नाना पाटेकर, तमन्ना भाटिया, दिशा पाटनी और फरीदा जलाल जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।