अगर आप रोज़-रोज़ सूजी या बेसन का हलवा खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया, हेल्दी और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं, तो दूधी का हलवा आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन है। लौकी यानी दूधी से बनने वाला यह हलवा न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि सेहत के लिहाज़ से भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है और शरीर को हल्का रखता है।
आवश्यक सामग्री
-
1 छोटी दूधी (कद्दूकस की हुई)
-
1 कप फुल क्रीम दूध
-
2 टेबलस्पून घी
-
3 टेबलस्पून चीनी (स्वादानुसार)
-
2 टेबलस्पून मलाई
-
2 टेबलस्पून कद्दूकस किया नारियल
-
1 टेबलस्पून किशमिश
-
3 टेबलस्पून बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स (बादाम, काजू, पिस्ता)
-
1 टीस्पून चिरौंजी
-
½ टीस्पून इलायची पाउडर
बनाने की विधि
सबसे पहले दूधी को अच्छी तरह छीलकर कद्दूकस कर लें और उसका अतिरिक्त पानी निचोड़ दें। अब एक कढ़ाई में घी गर्म करें और उसमें कद्दूकस की हुई दूधी डालकर मध्यम आंच पर भूनें। जब दूधी का पानी सूख जाए और रंग हल्का बदलने लगे, तब इसमें चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
अब दूध और मलाई डालकर मिश्रण को लगातार चलाते रहें ताकि हलवा तले नहीं। दूध धीरे-धीरे गाढ़ा होने लगेगा और हलवा क्रीमी टेक्सचर लेने लगेगा। इसके बाद इसमें ड्राई फ्रूट्स, चिरौंजी, किशमिश और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
आखिर में कद्दूकस किया नारियल डालें और 2–3 मिनट तक पकाएं। जब हलवा कढ़ाई छोड़ने लगे, तब गैस बंद कर दें।
परोसने का तरीका
गर्मागर्म दूधी का हलवा ऊपर से नारियल और ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करके परोसें। यह हलवा सर्दियों में खास तौर पर बच्चों और बुजुर्गों को बहुत पसंद आता है।
महज 30 मिनट में बनने वाला यह हलवा स्वाद और पोषण का बेहतरीन मेल है।