भारत में शनिवार को फुटबॉल इतिहास का एक यादगार अध्याय जुड़ गया, जब FIFA वर्ल्ड कप 2026 ट्रॉफी का औपचारिक अनावरण किया गया। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और ब्राज़ील के पूर्व स्टार खिलाड़ी गिल्बर्टो डिसिल्वा की मौजूदगी में शुरू हुआ यह तीन दिवसीय ट्रॉफी टूर, भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है।
इस ट्रॉफी टूर का मकसद सिर्फ चमचमाती ट्रॉफी को दिखाना नहीं, बल्कि उन देशों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना है जहां फुटबॉल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। भारत जैसे देश में, जहां क्रिकेट का वर्चस्व है, FIFA की यह पहल फुटबॉल को नई पहचान देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
दिल्ली में दो दिन तक रहने वाली यह ट्रॉफी हजारों फैंस को आकर्षित करेगी। इसके बाद गुवाहाटी में इसका एक दिवसीय ठहराव उत्तर-पूर्व भारत की फुटबॉल संस्कृति को वैश्विक मंच से जोड़ने का प्रतीक होगा। यह क्षेत्र पहले से ही फुटबॉल के प्रति जुनून के लिए जाना जाता है। केंद्रीय मंत्री मंडाविया ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन भारत के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करते हैं और फिट इंडिया जैसे अभियानों को मजबूती देते हैं। वहीं, गिल्बर्टो डिसिल्वा ने कहा कि भारत में फुटबॉल की संभावनाएं बेहद उज्ज्वल हैं और आने वाले वर्षों में यहां से विश्वस्तरीय खिलाड़ी उभर सकते हैं।
संगम स्नान से संत समागम तक, प्रयागराज में सीएम योगी का आध्यात्मिक संदेश
FIFA वर्ल्ड कप 2026 अपने आप में ऐतिहासिक होने जा रहा है। यह पहला वर्ल्ड कप होगा जिसमें 48 टीमें हिस्सा लेंगी। नया फॉर्मेट न केवल ज्यादा मैच सुनिश्चित करेगा, बल्कि छोटे देशों को भी बड़े मंच पर खुद को साबित करने का मौका देगा।
11 जून 2026 से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मेक्सिको सिटी में खेला जाएगा, जबकि फाइनल ड्रॉ पहले ही दुनिया भर में चर्चा का विषय बन चुका है। भारत में ट्रॉफी का यह दौरा संकेत देता है कि देश अब केवल दर्शक नहीं, बल्कि वैश्विक फुटबॉल संवाद का हिस्सा बन रहा है।