झांसी: सोशल मीडिया पर पिछले दो दिनों से एक पुरानी मतदाता सूची तेजी से वायरल हो रही है। इसमें सदर विधानसभा के खुशीपुरा (ओरछा गेट बाहर) के मकान नंबर 54 पर “अमिताभ पुत्र हरिवंशराय बच्चन” का नाम दर्ज दिखाया गया है। उम्र 76 वर्ष बताई गई है। सूची में अभिनेता अमिताभ बच्चन की तस्वीर भी जोड़ी गई है, जिससे लोग तरह-तरह की अफवाहें फैला रहे हैं। जिला प्रशासन ने तुरंत स्पष्टीकरण जारी कर इसे भ्रामक और फर्जी करार दिया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रताप शुक्ला ने एसडीएम सदर गोपेश तिवारी से जांच कराई। जांच में सामने आया कि 2003 की मूल वोटर लिस्ट में मकान नंबर 54 पर “अमिताभ पुत्र हरिवंशराय” नाम जरूर था, लेकिन न तो कोई फोटो थी और न ही उम्र 76 वर्ष लिखी थी। वर्तमान 2025 की मतदाता सूची में इस नाम-पते का कोई अस्तित्व ही नहीं है। उस मकान पर अब कोई और परिवार रहता है।

प्रशासन का कहना है कि वायरल पोस्ट में जानबूझकर सिने स्टार अमिताभ बच्चन की फोटो जोड़कर भ्रम फैलाया जा रहा है। असल में यह किसी हमनाम व्यक्ति का नाम रहा होगा। उस समय हरिवंश राय और अमिताभ जैसे नाम रखना आम था। साफ है कि यह महज संयोग है, न कि मेगास्टार अमिताभ बच्चन से कोई संबंध। दरअसल, अमिताभ बच्चन का झांसी से गहरा नाता है। 17 फरवरी 2003 को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने उन्हें डी.लिट. की मानद उपाधि दी थी। तत्कालीन राज्यपाल विष्णुकांत शास्त्री और कुलपति प्रो. रमेश चंद्र की मौजूदगी में दीक्षांत समारोह में अमिताभ खुद झांसी आए थे और बहुत उत्साहित दिखे थे। शायद इसी संयोग को आधार बनाकर कोई शरारती तत्व पुरानी लिस्ट में फोटो जोड़कर वायरल कर रहा है।
स्थानीय लोग भी हंसते हुए कह रहे हैं, “अगर बिग बी झांसी में रहते तो अब तक पूरा शहर उनके नाम से जाना जाता!” फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसी भ्रामक पोस्ट पर विश्वास न करें और न ही शेयर करें। पुलिस सोशल मीडिया पर इस फर्जी पोस्ट को फैलाने वालों की तलाश कर रही है।