सर्दियों के मौसम में अगर कोई फल सेहत का खजाना माना जाता है, तो वह है आंवला। विटामिन-C, एंटीऑक्सीडेंट और इम्यूनिटी बढ़ाने वाले गुणों से भरपूर आंवला आमतौर पर चटनी, अचार या मुरब्बे के रूप में खाया जाता है। लेकिन क्या आपने कभी आंवले का हलवा चखा है? यह हलवा न केवल स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि सर्दियों में शरीर को गर्म रखने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी मदद करता है।
आंवले का हलवा खास बात यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है और आप इसे कई दिनों तक स्टोर भी कर सकते हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, यह हलवा सभी को पसंद आता है। अगर आप रोज-रोज के हलवों से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर आजमाएं।
आवश्यक सामग्री
-
आंवला – 500 ग्राम
-
चीनी या गुड़ – 300 से 400 ग्राम (स्वादानुसार)
-
देसी घी – 4–5 बड़े चम्मच
-
कॉर्न फ्लोर – 2 चम्मच
-
इलायची पाउडर – 1 छोटा चम्मच
-
कटे हुए ड्राई फ्रूट्स – काजू, बादाम, पिस्ता
-
तरबूज के बीज – 1 बड़ा चम्मच
बनाने की विधि
सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धोकर कुकर में थोड़े पानी के साथ 2-3 सीटी आने तक उबाल लें। जब आंवले नरम हो जाएं, तो उनके बीज निकालकर मिक्सी में पीस लें।
अब कड़ाही में घी गर्म करें और आंवले का पेस्ट डालकर मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। जब कच्चापन खत्म हो जाए और रंग हल्का बदलने लगे, तब इसमें चीनी या गुड़ डालें।
मिश्रण को गाढ़ा करने के लिए कॉर्न फ्लोर को पानी में घोलकर डालें और तेज़ी से चलाएं। अंत में इलायची पाउडर, ड्राई फ्रूट्स और तरबूज के बीज डालें। जब घी अलग होने लगे, तब गैस बंद कर दें। गरम-गरम हलवा परोसें।