- 2.89 करोड़ नाम हटे, आज आएगी ड्राफ्ट लिस्ट
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया अब अपने अहम चरण में पहुंच गई है। मंगलवार को चुनाव आयोग द्वारा ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी, जिसमें राज्य के 12.55 करोड़ मतदाता शामिल होंगे। इस प्रक्रिया के तहत करीब 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सोमवार को सभी जिलों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची के प्रकाशन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। आयोग की प्राथमिकता है कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे। हटाए गए मतदाताओं में सबसे बड़ी संख्या उन लोगों की है, जो स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर शिफ्ट हो चुके हैं। इसके अलावा मृत मतदाताओं, डुप्लीकेट नामों और लंबे समय से अनुपस्थित लोगों के नाम भी सूची से हटाए गए हैं। आयोग के अनुसार, यह कदम मतदाता सूची को वास्तविक और अद्यतन बनाने के लिए जरूरी था।
एक अहम जानकारी यह भी सामने आई है कि 91 प्रतिशत मतदाताओं का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची से सत्यापित हो चुका है। ऐसे मतदाताओं को किसी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे ग्रामीण और बुजुर्ग मतदाताओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद आम जनता को अपनी आपत्तियां और दावे दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। 6 फरवरी तक नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। आयोग ने भरोसा दिलाया है कि सभी दावों का निष्पक्ष तरीके से निस्तारण किया जाएगा।
27 फरवरी तक सभी आपत्तियों का निपटारा कर लिया जाएगा और उसके बाद 6 मार्च को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। यही सूची आगामी चुनावों में मतदान के लिए मान्य होगी।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने 27 अक्टूबर को एसआईआर की घोषणा की थी। बाद में 30 नवंबर और 11 दिसंबर को कार्यक्रम में बदलाव किया गया। मंगलवार को तीसरी बार समयसीमा बढ़ाते हुए आयोग ने प्रक्रिया को पूरा करने का निर्णय लिया है। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर तैयार की जा रही यह मतदाता सूची आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।