कानपुर। मानसून की लगातार बारिश के बीच कानपुर प्राणि उद्यान से चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां चिड़ियाघर की झील में बड़ी संख्या में मछलियां मृत पाई गईं। मछलियों की मौत की सूचना के बाद जू प्रशासन सक्रिय हुआ और पानी की स्थिति सुधारने के लिए तत्काल कई कदम उठाए गए।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि बारिश के कारण झील में बढ़े गंदलेपन और पानी में घुली ऑक्सीजन के कम होने से मछलियों की मौत हुई है। लगातार बारिश से आसपास की मिट्टी और गंदगी बहकर झील में पहुंची, जिससे पानी की गुणवत्ता प्रभावित हुई।
नालों से झील में पहुंच रहा था गंदा पानी
बारिश के दौरान आसपास के क्षेत्रों से आने वाला पानी भी झील की समस्या बढ़ा रहा था। बताया जा रहा है कि एचबीटीयू, बस स्टॉप और डिपो की ओर से बारिश के तेज बहाव के साथ पानी और नालों का पानी झील तक पहुंच रहा था। इसके कारण झील में गंदगी के साथ कुछ हानिकारक तत्वों के पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।
इसके अलावा झील में मछलियों की संख्या भी अधिक बताई जा रही है। लंबे समय से नियमित हार्वेस्टिंग नहीं होने के कारण मछलियों की संख्या झील की प्राकृतिक क्षमता से ज्यादा हो गई थी। ज्यादा मछलियों के कारण पानी में ऑक्सीजन की खपत बढ़ गई और ऑक्सीजन की कमी की स्थिति पैदा हो गई।
पानी में डाली जा रही ऑक्सीजन टैबलेट
मछलियों को बचाने और झील की स्थिति सुधारने के लिए प्रशासन ने तत्काल ऑक्सीजन टैबलेट डालनी शुरू कर दी हैं। साथ ही पानी के सर्कुलेशन को बेहतर बनाने के लिए इंजन पंप भी लगाए गए हैं। इन पंपों के जरिए झील के पानी का प्रवाह बढ़ाया जा रहा है, ताकि पानी में ऑक्सीजन की उपलब्धता बेहतर हो सके।
चिड़ियाघर के निदेशक कन्हैया लाल पटेल के अनुसार, लगातार बारिश से झील में मिट्टी और गंदलापन बढ़ने के कारण ऑक्सीजन का स्तर कम हुआ। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पानी का सर्कुलेशन बढ़ाने के साथ जरूरी कदम उठा रहा है।
झील में बाहरी पानी की एंट्री रोकने की कवायद
प्रशासन अब यह भी पता लगा रहा है कि किन रास्तों से बाहरी और दूषित पानी झील में प्रवेश कर रहा है। इन स्थानों को चिन्हित कर उन्हें बंद करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए संयुक्त सर्वे कराने की मांग भी की गई है।
प्रशासन का उद्देश्य झील की पानी की गुणवत्ता को सामान्य करना और भविष्य में मछलियों की मौत जैसी घटना को दोबारा होने से रोकना है।