टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने का रिकॉर्ड बना दिया और लगातार दो बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई।
अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारतीय बल्लेबाजों ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
टीम इंडिया की पारी में संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 89 रन बनाए। उन्होंने 46 गेंदों का सामना करते हुए शानदार पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके अलावा अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली।
ईशान किशन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 54 रन बनाए और भारतीय स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। इन तीनों बल्लेबाजों की आक्रामक पारियों की बदौलत भारत टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहा।
भारत बना टी20 वर्ल्ड कप 2026 का चैंपियन, न्यूजीलैंड को दी करारी शिकस्त
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं पाई। टीम के लिए टिम साइफर्ट ने 52 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके।
भारतीय गेंदबाजी आक्रमण ने भी शानदार प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह झकझोर दिया। वहीं अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटके।
इसके अलावा हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा ने भी एक-एक विकेट हासिल किया। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस तरह भारत ने 96 रनों से जीत दर्ज कर टी20 क्रिकेट में अपनी ताकत का एक बार फिर दुनिया को एहसास करा दिया।