संभल जिले के रायाबुजुर्ग गांव में गुरुवार को प्रशासन ने सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की। पुलिस की निगरानी में प्रशासनिक टीम ने अवैध रूप से निर्मित एक मस्जिद और दो-तीन मकानों को गिरा दिया। यह कदम नोटिस और बार-बार चेतावनी के बावजूद निर्माण न हटाए जाने के बाद उठाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, रायाबुजुर्ग गांव के आसपास की सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने लंबे समय से कब्जा कर रखा था। जांच में सामने आया कि बिना किसी वैध अनुमति के वहां धार्मिक और आवासीय निर्माण किए गए थे। प्रशासन ने पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने और स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया।
संभल के क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार ने बताया कि कब्जाधारियों ने समय मांगा था, जिसे प्रशासन ने मान भी लिया। लेकिन तय समयसीमा बीत जाने के बाद भी अवैध निर्माण नहीं हटाए गए। इसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे, लेकिन स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। प्रशासन ने साफ किया कि पूरी प्रक्रिया कानून के दायरे में और पारदर्शिता के साथ की गई है।
https://sindhutimes.in/?p=21933
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार ने बताया कि संबंधित लोगों से कई बार जमीन के कागजात और निर्माण से जुड़े प्रमाण मांगे गए, लेकिन कोई वैध साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद प्रशासन के पास कार्रवाई के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अब स्वयं अपने अतिक्रमण हटाने में लगे हुए हैं।
प्रशासन ने यह भी बताया कि इससे पहले वर्ष 2012 से 2014 के बीच इसी क्षेत्र में सरकारी भूमि और तालाब की जमीन पर अवैध निर्माण कर व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही थीं। उन सभी अतिक्रमणों को पहले ही हटाया जा चुका है। वर्तमान कार्रवाई उसी निरंतर अभियान का हिस्सा है।
अधिकारियों ने कहा कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जा रही है और इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। भविष्य में यदि किसी की संलिप्तता या लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा।