- पोस्टमार्टम हाउस में आया हार्ट अटैक
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पुलिस विभाग को उस समय गहरा झटका लगा, जब एक सब-इंस्पेक्टर की ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह घटना सिविल लाइंस इलाके स्थित पोस्टमार्टम हाउस की है, जहां सब-इंस्पेक्टर कुंवरपाल एक किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराने पहुंचे थे।
55 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर कुंवरपाल मूल रूप से बुलंदशहर जनपद के नरौरा कस्बे के निवासी थे और वर्तमान में संभल जिले के चंदौसी में रह रहे थे। सोमवार को वह अपनी ड्यूटी के तहत पोस्टमार्टम से जुड़ी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने पोस्टमार्टम हाउस आए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम हाउस परिसर में खड़े-खड़े कुंवरपाल को अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। कुछ ही पलों में उन्हें चक्कर आए और वह जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत CPR देकर सब-इंस्पेक्टर को बचाने की कोशिश की। हालत लगातार बिगड़ती देख उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। सब-इंस्पेक्टर कुंवरपाल के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके परिजन बदायूं पहुंच रहे हैं। पुलिस विभाग में उनके निधन से शोक की लहर है और साथी पुलिसकर्मी उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में याद कर रहे हैं।
इसी बीच, हाल ही में हरिद्वार से भी हार्ट अटैक का एक मामला सामने आया था। हर की पैड़ी पर गंगा आरती के दौरान गुजरात से आए एक श्रद्धालु अचानक अचेत होकर गिर पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।
मृतक की पहचान जगदीश भाई गोकाणी के रूप में हुई, जो गुजरात के सोमनाथ स्थित बेरावल के निवासी थे। वह अपने परिवार के साथ हरिद्वार आए थे, लेकिन अचानक आए हार्ट अटैक ने उनकी जान ले ली। इन घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अचानक दिल का दौरा अब आम होता जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।