- मुठभेड़ में एक घायल, तीन आरोपी सलाखों के पीछे
देवरिया: उत्तर प्रदेश में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरिया पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून तोड़ने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। थाना सलेमपुर क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने तीन गौ तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, थाना सलेमपुर और लार थाने की संयुक्त टीम द्वारा नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान धनौती राय गांव के पास एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन में गोवंशीय पशुओं की अवैध ढुलाई की जा रही थी। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।
हिजाब विवाद पर मायावती का बयान, महिला सम्मान से समझौता अस्वीकार्य
पुलिस ने संयम और साहस का परिचय देते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और पशुओं को सुरक्षित कराया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गोवध और गौ तस्करी जैसे मामलों में पुलिस अब “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत काम कर रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।