भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव पर बढ़ी हलचल

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ राजनीती लखनऊ न्यूज़

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव पर बढ़ी हलचल, 400 सदस्य चुनेंगे नया नेतृत्व

उत्तर प्रदेश में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। लंबे समय से जारी अटकलों के बीच प्रांतीय परिषद के सदस्यों की घोषणा के बाद पार्टी संगठन में नई सक्रियता देखी जा रही है। यह वही परिषद है जिसके लगभग 400 सदस्य औपचारिक रूप से नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। लखनऊ में होने वाले इस चुनाव पर न सिर्फ पार्टी नेताओं की, बल्कि कार्यकर्ताओं की भी नजरें टिकी हैं।

भाजपा के संवैधानिक ढांचे के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव से पहले प्रांतीय परिषद के सदस्यों का गठन किया जाता है। उत्तर प्रदेश के 403 विधानसभा क्षेत्रों से एक-एक सदस्य चुना जाता है, लेकिन केवल उन्हीं क्षेत्रों से जहां जिलाध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी होती है। वर्तमान स्थिति में 98 जिलों में से 84 जिलाध्यक्ष घोषित हो चुके हैं, जिनसे जुड़े लगभग 350 प्रांतीय परिषद सदस्य निर्धारित कर दिए गए हैं।

read more : यूएई पर टूटा वैभव सूर्यवंशी का कहर https://sindhutimes.in/?p=21410

इसके अतिरिक्त विधानमंडल और संसद सदस्यों के 10 प्रतिशत प्रतिनिधि भी परिषद का हिस्सा होते हैं। विधानसभा और विधान परिषद के कुल 337 सदस्यों में से 34 प्रतिनिधि परिषद में शामिल होंगे। वहीं 57 सांसदों (लोकसभा + राज्यसभा) में से 6 सदस्य परिषद का हिस्सा बनेंगे। इस प्रकार प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए आवश्यक सभी प्रक्रियाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं।

चूंकि 50 प्रतिशत जिलाध्यक्षों की नियुक्ति चुनाव के लिए पर्याप्त मानी जाती है, इसलिए 86 प्रतिशत जिलाध्यक्षों की घोषणा के साथ अब चुनाव प्रक्रिया में कोई तकनीकी बाधा शेष नहीं है। प्रदेश के 1918 मंडलों में से 1600 से अधिक मंडलों में चुनाव सम्पन्न हो चुके हैं।

प्रक्रिया के अनुसार मतदान सूची जारी होने के बाद दो चरण तय होंगे—पहले दिन नामांकन, जांच और नाम वापसी। यदि केवल एक नामांकन होता है तो अध्यक्ष सर्वसम्मति से चुन लिया जाएगा। लेकिन यदि एक से अधिक दावेदार सामने आते हैं तो अगले दिन मतदान और मतगणना होगी। साथ ही यहीं से राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चयन भी किया जाएगा।

नामांकन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित संगठन के शीर्ष नेता प्रस्तावक हो सकते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जैसे वरिष्ठ नेता प्रस्तावक बनने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *