नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में अगले सप्ताह भी उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों पर होने वाली बैठक, कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव, अमेरिकी डॉलर की चाल और अमेरिका-ईरान संघर्ष से जुड़े घटनाक्रम कीमती धातुओं की कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में निवेशकों की नजर वैश्विक संकेतों के साथ-साथ घरेलू बाजार की गतिविधियों पर भी बनी रहेगी।
Fed के फैसले पर टिकी सोने-चांदी की दिशा
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) की 15 और 16 सितंबर को होने वाली बैठक अगले सप्ताह बुलियन मार्केट के लिए सबसे अहम घटनाओं में से एक होगी। ब्याज दरों पर फेड का फैसला और उसके बाद चेयरमैन की टिप्पणी सोने और चांदी की कीमतों की अगली दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि फेड का रुख उम्मीद से कम आक्रामक रहता है, तो सोने की कीमतों को सपोर्ट मिल सकता है। वहीं, ब्याज दरों को लेकर सख्त संकेत मिलने पर बुलियन पर दबाव बढ़ सकता है। सोमवार को गणेश चतुर्थी के कारण कमोडिटी बाजार का सुबह का सत्र बंद रहेगा।
कच्चे तेल और डॉलर पर भी नजर
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, सोना अमेरिकी फेड की टिप्पणियों, कच्चे तेल की कीमतों, अमेरिकी डॉलर, महंगाई की उम्मीदों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के प्रति संवेदनशील बना हुआ है।
उनका कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी या अमेरिकी फेड के कम आक्रामक रुख से सोने में रिकवरी को सहारा मिल सकता है। दूसरी ओर, तेल की कीमतों में दोबारा तेजी या फेड की ओर से सख्त नीति के संकेत मिलने पर सोने में नई बिकवाली देखने को मिल सकती है।
MCX पर सोना मामूली बढ़ा, चांदी में गिरावट
घरेलू वायदा बाजार में पिछले सप्ताह सोने और चांदी का प्रदर्शन अलग-अलग रहा। MCX पर अक्टूबर डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 17 रुपये की मामूली बढ़त के साथ 1,52,784 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं चांदी का भाव 2,684 रुपये यानी 1.13 प्रतिशत गिरकर 2.34 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया।
COMEX पर भी दबाव में रहा बुलियन
अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले सप्ताह सोने और चांदी दोनों पर दबाव देखने को मिला। COMEX पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 1.5 प्रतिशत गिरकर 4,408.9 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं चांदी में 2.34 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 65.19 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट प्रणव मेर के अनुसार, पिछले सप्ताह सोने में उतार-चढ़ाव के बावजूद कुल मिलाकर बिकवाली का दबाव रहा। सप्ताह के अंत तक सोने के वायदा भाव में करीब 1.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई। हालांकि, घरेलू बाजार में रुपये की कमजोरी ने सोने की कीमतों में गिरावट को कुछ हद तक सीमित रखा।