यूएई पर टूटा वैभव सूर्यवंशी का कहर

न्यूज़ स्पोर्ट्स
  • 14 साल की उम्र में ठोका विस्फोटक शतक, 9 छक्कों और 5 चौकों की बरसात

अंडर-19 एशिया कप में भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपने दमदार प्रदर्शन से हर किसी को चौंका दिया। सिर्फ 14 वर्ष की उम्र में वैभव ने यूएई के खिलाफ ताबड़तोड़ शतक लगाकर गेंदबाजों की नींदें उड़ा दीं। साल 2025 में यह उनका चौथा शतक है, जो उनके निरंतर शानदार फॉर्म की गवाही देता है।

भारतीय टीम ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी की, लेकिन शुरुआत निराशाजनक रही। आयुष म्हात्रे सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। टीम पर दबाव था, पर तभी वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला और मैदान के चारों ओर शॉट्स की आतिशबाज़ी शुरू कर दी। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पहले 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, इसके बाद उन्होंने अपने गियर बदले और यूएई के बॉलर्स पर टूट पड़े।

शतक तक पहुंचने के लिए वैभव ने 56 गेंदें खेलीं, जिसमें 9 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। उनकी पारी इतनी आक्रामक रही कि यूएई के गेंदबाज उन्हें रोकने के लिए पूरी तरह बेबस नजर आए। खबर लिखे जाने तक वैभव 115 रन बनाकर क्रीज पर डटे रहे और अपनी बल्लेबाज़ी से दर्शकों का पूरा मनोरंजन कर रहे थे।

यह साल वैभव सूर्यवंशी के करियर के लिए बेहद खास रहा है। वह अब तक 6 शतक जड़ चुके हैं, जो उनके निरंतर विकास और बड़े स्तर पर खेलने की क्षमता को दर्शाता है। हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने तूफानी शतक जड़ा था और घरेलू क्रिकेट में शतक जमाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे।

इंडिया-ए के लिए खेलते हुए वैभव ने केवल 32 गेंदों में शतक ठोककर नई पहचान बनाई। आईपीएल 2025 में भी उन्होंने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया था, जिसके चलते राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले ही रिटेन कर लिया। यह साबित करता है कि वैभव न सिर्फ वर्तमान, बल्कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *