मथुरा: गोवर्धन रोड स्थित केनरा बैंक में गुरुवार दोपहर एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई, जिसने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना उस समय हुई जब ग्राम उन्दी निवासी बैंक मित्र निरंजन सिंह अपने रूटीन कार्य के लिए बैंक पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, निरंजन सिंह बैंक में OTS (One Time Settlement) रिकवरी का कार्य देख रहे थे और उनके पास एक काले रंग का बैग था, जिसमें कुल ₹1.70 लाख नकद रखी थी।
निरंजन सिंह ने बताया कि वह रोज की तरह रिकवरी का कैश लेकर बैंक पहुंचे थे और कार्यवाही के दौरान अपना बैग काउंटर पर रख दिया था। लंच ब्रेक के बाद जब वह दोबारा बैग लेने लौटे, तो बैग गायब मिला। उनके अनुसार बैग को टेबल से किसी ने बड़ी आसानी से उठा लिया और किसी को भनक तक नहीं लगी। बैग गायब होने के बाद उन्होंने बैंक स्टाफ से पूछताछ की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

घटना के तुरंत बाद बैंक प्रबंधन ने CCTV फुटेज खंगाला, जिसमें लगभग दोपहर 12 बजे एक अज्ञात युवक बैग उठाकर बड़ी सहजता से बैंक से बाहर निकलता नजर आया। फुटेज में युवक का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है और उसकी चाल-ढाल से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने पहले से प्लानिंग करके चोरी की। वह बिना किसी घबराहट के अंदर आया और मौके का फायदा उठाते हुए बैग उठा ले गया।
इस घटना ने बैंक की सुरक्षा और निगरानी प्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बैंक में सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी और काउंटर पर बैग का यूं गायब हो जाना चिंता का विषय है। घटना को लेकर बैंक स्टाफ भी दहशत में है।
पीड़ित बैंक मित्र निरंजन सिंह ने मामले की शिकायत छाता कोतवाली में दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीमें CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुट गई हैं और आसपास के इलाकों में दबिश भी दी जा रही है।