बस्ती में अनोखी शादी का ड्रामा

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मंगलवार को एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब एक महिला अचानक मंडप में पहुंचकर खुद को दूल्हे की पहली पत्नी बताने लगी। मामला पैकोलिया क्षेत्र का है, जहां विनय अंगद शर्मा उर्फ लवकुश की शादी हो रही थी। तभी रेशमा शर्मा नाम की महिला ने शादी स्थल पर पहुंचकर दावा किया कि तीन साल पहले विनय ने उससे विधि-विधान से विवाह किया था और अब तक उनका तलाक नहीं हुआ है।

रेशमा अपने दावों के समर्थन में तस्वीरें, शादी की वीडियो और विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र भी साथ लेकर आई थी। जयमाला के दौरान हुए इस पूरे ड्रामे से वहां अफरा-तफरी मच गई। रेशमा फूट-फूटकर रोने लगी और विनय पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। वहीं, दुल्हन के परिवार ने मामले को शांत कराने की कोशिश की लेकिन स्थिति बिगड़ती ही चली गई।

जब दुल्हन को विनय की पहली शादी और तलाक न होने की बात पता चली, तो उसने शादी जारी रखने से साफ इंकार कर दिया और मंडप छोड़कर चली गई। इसके बाद बारात भी बिना शादी के वापस लौट गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को थाने ले गई। पैकोलिया थाने में दोनों पक्षों से पूछताछ की गई। रेशमा ने बताया कि वह विनय के साथ पिछले नौ वर्षों से रिश्ते में है और शादी अभी भी कानूनी रूप से वैध है। उसने कहा कि विनय द्वारा दूसरी शादी करना कानून के खिलाफ है।

पुलिस ने भी पुष्टि की कि बिना पहली शादी को कानूनी रूप से खत्म किए दूसरी शादी करना अपराध की श्रेणी में आता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई दस्तावेजों की पुष्टि के बाद की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *