सोनभद्र में हाल ही में हुए खदान हादसे में चार मजदूरों की मौत के बाद राजनीति तेज हो गई है। मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सोनभद्र पहुंचे और ओबरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पनारी के टोला कर्मसार में मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। अजय राय ने परिजनों को सांत्वना देते हुए उनकी समस्याओं से अवगत हुए और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
परिवारों से मिलने के बाद अजय राय ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को मुख्यमंत्री बिरसा मुंडा कार्यक्रम में सोनभद्र आए थे, लेकिन खदान हादसे में मारे गए मजदूरों के परिवारों से मिलना जरूरी नहीं समझा। राय ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का ध्यान केवल राजनीतिक कार्यक्रमों पर केंद्रित रहा, जबकि पीड़ित परिवार आज भी सरकारी मदद और संवेदनशीलता की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
अजय राय ने कहा कि उनके दौरे की सूचना मिलते ही एसडीएम ओबरा मौके पर पहुंचे, जो यह दर्शाता है कि प्रशासन पीड़ितों के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने इसे सरकार की गहरी संवेदनहीनता बताते हुए कहा कि जब परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य ही नहीं रहा, तब शासन का रवैया और भी मानवीय होना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने मृतकों के परिवारों को 50 लाख रुपए का मुआवजा, सरकारी नौकरी और खदान मालिक की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि इस हादसे की जिम्मेदारी तय होना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि मानव जीवन के साथ खिलवाड़ है।
मृतक संतोष यादव की पत्नी, गायत्री देवी ने बताया कि उन्हें अभी तक 5 लाख की सहायता राशि मिली है और सवा लाख रुपए तथा आवास, गैस चूल्हा और नलकूप देने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की ओर से अब तक किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं मिली है।
15 नवंबर को हुए इस हादसे में करमसार गांव के चार मजदूरों की मौके पर मौत हो गई थी।