सीएम के संभावित दौरे से पहले बरेली में विकास कार्य तेज

उत्तर प्रदेश न्यूज़ बरेली

बरेली: मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले जिले में विकास परियोजनाओं को तेज़ी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ने मंगलवार को कई महत्वपूर्ण परियोजना स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ चल रहे कार्यों की स्थिति की समीक्षा की और सभी प्रोजेक्ट एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा शहर को स्मार्ट और आधुनिक स्वरूप देने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें मुख्य रूप से रामगंगा नगर, ग्रेटर बरेली सहित कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। रामगंगा नगर में तैयार हो रही रामायण वाटिका इन दिनों विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां स्थापित की जा रही भगवान श्रीराम की 51 फीट ऊँची भव्य प्रतिमा का कार्य अब लगभग पूरा हो चुका है। बीडीए उपाध्यक्ष ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से शेष कार्य जल्द से जल्द पूरा करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान डॉ. मनिकंडन ने प्रतिमा स्थल के साथ-साथ रामायण वाटिका, नाथ संग्रहालय और साइंस पार्क का भी बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, फिनिशिंग और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, धीमी गति या निर्धारित समयसीमा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने संबद्ध एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी प्रोजेक्ट निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण हों ताकि सीएम के प्रस्तावित दौरे से पहले शहर की विकास तस्वीर बेहतर दिखाई दे। उनका कहना था कि विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *