पीएम मोदी सचिवों की बैठक: भविष्य के भारत का रोडमैप और तकनीक पर जोर

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राजनीती राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर केंद्र सरकार के सचिवों के साथ एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक की। यह इस श्रृंखला की तीसरी बैठक थी, जिसमें सुरक्षा, विदेश नीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और गवर्नेंस से जुड़े मंत्रालयों के भविष्य के एजेंडे पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को तात्कालिक आंकड़ों से आगे बढ़कर दीर्घकालिक सोच के साथ काम करने की सलाह दी।

सरकारी विभागों से साइलो कल्चर खत्म करने का आह्वान

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों के बीच अलग-अलग काम करने की प्रवृत्ति यानी ‘साइलो’ को खत्म करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक व्यवस्था की नहीं, बल्कि सोच की समस्या है। कोविड-19 महामारी और पश्चिम एशिया संकट का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब सभी विभाग ‘संपूर्ण सरकार’ (Whole of Government) की भावना के साथ मिलकर काम करते हैं, तो नतीजे काफी प्रभावी और सकारात्मक आते हैं।

डेटा को बताया राष्ट्रीय संपत्ति और AI के सही उपयोग की दी सलाह

प्रधानमंत्री ने डेटा को भविष्य की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संपत्ति करार दिया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग डेटा सिस्टम को आपस में जोड़कर इसका बेहतर इस्तेमाल किया जाना चाहिए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि AI की क्षमता का पूरा लाभ उठाया जाना चाहिए, लेकिन अंतिम निर्णय और प्रशासनिक समझ में मानवीय हस्तक्षेप बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं और विश्वविद्यालयों को नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का सुझाव दिया।

डिफेंस सेक्टर और मैरीटाइम इंडस्ट्री पर मंथन

देश के रक्षा उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए नए कोर्स शुरू करने और कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर सहमति बनी। वहीं, समुद्री क्षेत्र को मजबूत करने और जहाज निर्माण को मिशन मोड में आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अंत में, पीएम मोदी ने वरिष्ठ अफसरों को जूनियर अधिकारियों के साथ अनौपचारिक संवाद बढ़ाने और मजबूत टीम स्पिरिट के साथ काम करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *