जनगणना 2027 का शेड्यूल जारी, 25 जनवरी से 28 फरवरी तक होगा सर्वे

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय

नई दिल्ली। देश में जनगणना 2027 को लेकर केंद्र सरकार ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक, देश के अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच जनगणना का कार्य किया जाएगा। हालांकि, विधानसभा चुनाव और बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों को फिलहाल इस कार्यक्रम से बाहर रखा गया है। इन राज्यों और क्षेत्रों के लिए जनगणना की तारीखों की घोषणा अलग से की जाएगी।

सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार, जनगणना की संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027 की मध्यरात्रि निर्धारित की गई है। वहीं, जनगणना प्रक्रिया के तहत 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक रिविजन राउंड आयोजित किया जाएगा। इसके दौरान जनगणना से जुड़े आंकड़ों और दर्ज की गई जानकारियों की समीक्षा की जाएगी।

यूपी समेत इन राज्यों में फिलहाल नहीं होगी जनगणना

सरकारी अधिसूचना के मुताबिक, मणिपुर में अगली घोषणा तक जनगणना का कार्य नहीं होगा। इसके अलावा गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और लद्दाख को भी मौजूदा कार्यक्रम से बाहर रखा गया है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के हिमपात प्रभावित क्षेत्रों में भी इस चरण में जनगणना नहीं कराई जाएगी।

विधानसभा चुनाव के चलते अलग होगा कार्यक्रम

दरअसल, अगले साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में इन राज्यों में जनगणना की तारीखें अलग से तय की जाएंगी। वहीं, बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा।

जनगणना देश की आबादी, सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया है। इसके आंकड़ों का इस्तेमाल सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और नीतियों के निर्माण में किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *