- राष्ट्रीय पुलिस जूडो में दो बार जीता स्वर्ण
उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात महिला आरक्षी शीतल चतुर्वेदी ने खेल के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। बस्ती पुलिस लाइन में तैनात शीतल ने राष्ट्रीय स्तर की पुलिस जूडो प्रतियोगिताओं में लगातार दो स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि मेहनत और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
2019 बैच की महिला आरक्षी शीतल चतुर्वेदी लखीमपुर खीरी की रहने वाली हैं। उन्होंने 9वीं अखिल भारतीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 में 45 किलोग्राम भारवर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व करते हुए असम में शानदार प्रदर्शन किया। 32वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ के साथ कठिन प्रशिक्षण के बाद उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर टीम को गौरवान्वित किया।
इसके बाद वर्ष 2025 में आयोजित 10वीं अखिल भारतीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में भी शीतल का प्रदर्शन उतना ही प्रभावशाली रहा। शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुए इस मुकाबले में उन्होंने आंध्र प्रदेश की मजबूत खिलाड़ी कल्पना कुमारी को मात देकर एक और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
शीतल चतुर्वेदी की इस उपलब्धि से बस्ती पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है। पुलिस अधीक्षक बस्ती ने उनकी सफलता की सराहना करते हुए ₹25,000 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ी की महिला खिलाड़ियों और पुलिसकर्मियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।