उत्तराखंड के जोशीमठ में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत

उत्तराखंड टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय

खराब मौसम के चलते चाई और थैंग गांव के ऊपर हुआ हादसा, चमोली के जिलाधिकारी ने की पुष्टि; सीएम धामी ने जताया दुख

उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में शनिवार को हेलीकॉप्टर क्रैश होने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का बताया जा रहा है। यह बदरीनाथ धाम से छह लोगों को लेकर देहरादून के सहस्त्रधारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान खराब मौसम के चलते चाई और थैंग गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में पायलट हिमांशु के अलावा प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एसएस नटराज सवार थे। हादसे में किसी के भी जीवित बचने की सूचना नहीं है।

चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने हेलीकॉप्टर क्रैश होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सेना की ओर से प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई थी। इसके बाद प्रशासन ने दुर्घटनास्थल की लोकेशन ट्रेस कर हादसे की पुष्टि की। जिलाधिकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई है।

सीएम धामी ने हादसे पर जताया दुख

हेलीकॉप्टर हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के निर्देश देने की बात भी कही। साथ ही उन्होंने यात्रियों के सकुशल होने की कामना की थी।

हालांकि, प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में हेलीकॉप्टर सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *