लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने एक साथ 34 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में 14 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को भी बदला गया है। तबादला सूची में कई जिलों के जिलाधिकारियों के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब हाल ही में प्रदेश में 10 IAS अधिकारियों का तबादला किया गया था। नए आदेश के बाद कई जिलों और महत्वपूर्ण प्रशासनिक संस्थानों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।
इन 14 जिलों के बदले गए जिलाधिकारी
सरकार की ओर से जारी तबादला आदेश के अनुसार हरदोई, मुरादाबाद, एटा, अमेठी, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर के जिलाधिकारियों को बदला गया है।
अनुनय झा को मुरादाबाद की जिम्मेदारी
तबादला आदेश के तहत अनुनय झा को हरदोई से स्थानांतरित कर मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं राहुल पांडेय को विशेष सचिव, राज्य कर के पद से हटाकर हरदोई का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
एम. अरुणमोली को आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद से हटाकर एटा का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं संजय चौहान को अमेठी से कुशीनगर और महेंद्र सिंह तंवर को कुशीनगर से कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
पीलीभीत, बलिया और बागपत में भी बदलाव
आलोक कुमार को संतकबीरनगर से स्थानांतरित कर पीलीभीत का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं ज्ञानेंद्र सिंह को पीलीभीत से बलिया का डीएम बनाया गया है।
इसके अलावा शशांक चौधरी को अमेठी, दिव्यांशु पटेल को बागपत, प्रभास कुमार को महोबा और उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी बनाया गया है। सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस और अशोक कुमार को हमीरपुर का डीएम नियुक्त किया गया है।
अन्य वरिष्ठ IAS अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
तबादला सूची में जिलों के अलावा कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। हिमांशु कौशिक को मुरादाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं विजय कुमार सिंह को मिर्जापुर का मुख्य विकास अधिकारी और संतोष बहादुर सिंह को मैनपुरी का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
विशाल कुमार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं विजय कुमार को आगरा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और शैलेंद्र भाटिया को यूपीईडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
गजल भारद्वाज समेत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
तबादला सूची में गजल भारद्वाज को इन्वेस्ट यूपी का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। नितिन मदान को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी और जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा जितेंद्र प्रताप सिंह को राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक और नेहा बंधु को विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन का अपर आयुक्त बनाया गया है।
सूची में अस्मिता लाल, अभिषेक गोयल, मंगला प्रसाद सिंह, निधि श्रीवास्तव, अरविंद सिंह, राजेंद्र पेंसिया, अतुल वत्स और चंद्र शेखर समेत अन्य IAS अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इन तबादलों के बाद प्रदेश के कई जिलों और प्रमुख प्रशासनिक संस्थानों में अधिकारियों की नई तैनाती प्रभावी होगी।