लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को अपने भतीजे आकाश आनंद और पार्टी से निष्कासित किए गए नेताओं को लेकर बड़ा बयान दिया। मायावती ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनके बीमार होने की अफवाहें फैलाई जा रही थीं, जिसके कारण उन्हें मीडिया के सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी।
मायावती ने कहा कि पार्टी से निकाले गए लोगों ने भ्रम फैलाया कि उनकी तबीयत खराब है। उन्होंने बताया कि शनिवार रात आकाश आनंद का फोन पार्टी इंचार्ज आलोक कुमार के पास आया था। मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद ने फोन पर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और पूछा कि क्या बहन जी बीमार चल रही हैं।
‘आकाश आनंद अभी भी अपने दिमाग से काम नहीं कर रहा’
मायावती ने आकाश आनंद पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अभी भी अपने दिमाग से काम नहीं कर रहे हैं, बल्कि अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में संगठनात्मक बदलाव के तहत मुख्य सेक्टर प्रभारी का पद समाप्त कर दिया गया है और आनंद कुमार को अधिक जिम्मेदारी दी गई है।
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद का आलोक कुमार के पास रात करीब 10 बजकर 4 मिनट पर फोन आया था। उनके अनुसार, फोन पर आकाश ने पूछा कि उनकी तबीयत कैसी है। आलोक कुमार ने जवाब दिया कि वह बिल्कुल ठीक हैं और अपने काम में लगी हुई हैं। मायावती ने कहा कि इस बातचीत को लेकर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
‘बीमारी की अफवाहों के कारण मीडिया के सामने आई’
BSP सुप्रीमो ने कहा कि वह पिछले करीब डेढ़ महीने से कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सीधे सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात रख रही थीं। लेकिन रविवार को मीडिया के सामने आने का मुख्य कारण पार्टी कार्यकर्ताओं को सावधान करना था।
उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि पार्टी से निकाले गए कुछ लोगों ने पिछले एक-दो दिनों से कार्यकर्ताओं के बीच यह भ्रम फैलाया है कि वह काफी बीमार हैं। मायावती ने कहा कि इसी भ्रम को दूर करने और देशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं को वास्तविक स्थिति बताने के लिए वह मीडिया के सामने आई हैं।
संगठन को मजबूत करने के लिए तीन सेक्टरों में बांटी BSP
मायावती ने बताया कि BSP के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और बहुजन समाज के बीच पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए 3 सितंबर 2026 को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में ऑल इंडिया बैठक बुलाई गई थी।
उन्होंने कहा कि बैठक में महत्वपूर्ण मुद्दों पर लंबे समय तक चर्चा हुई और संगठनात्मक काम को तेज गति देने के लिए BSP को ऑल इंडिया स्तर पर तीन सेक्टरों में बांटा गया है। मायावती ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के लिए तेजी से काम करने का आह्वान किया।
चीन के साथ सीमा विवाद सुलझाने की कही बात
मायावती ने BRICS को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि BRICS का साझा घोषणापत्र जारी होना अच्छी बात है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत और चीन के बीच सीमा से जुड़े मुद्दे का समाधान निकलेगा।