राहुल गांधी ने शेयर की छोले-भटूरे की तस्वीर

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राजनीती राष्ट्रीय

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर छोले-भटूरे की एक तस्वीर शेयर की। तस्वीर के साथ राहुल गांधी ने भारतीयों के खान-पान का जिक्र करते हुए मांसाहारी भोजन को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “जानकारी के लिए बता दें कि 80% भारतीय मांसाहारी हैं। भारतीय मांसाहारी खाना बहुत स्वादिष्ट होता है। और मेरी बहन के छोले-भटूरे भी।”

राहुल गांधी की पोस्ट से संकेत मिलता है कि तस्वीर में नजर आ रहे छोले-भटूरे उनकी बहन और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने तैयार किए हैं। पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के इस बयान और खाने की तस्वीर को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम से मिले राहुल-प्रियंका

राहुल गांधी ने रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच नाश्ते पर हुई इस मुलाकात में भारत और मलेशिया के संबंधों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई। इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं।

कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मलेशियाई प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गईं। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अनवर इब्राहिम के बीच हुई मुलाकात के एक दिन बाद हुई है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशियाई पीएम के बीच नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर बैठक हुई थी। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचे और रक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को लेकर चर्चा हुई थी। मलेशिया ब्रिक्स समूह का साझेदार देश है।

BRICS डिनर में दिखी भारतीय व्यंजनों की झलक

BRICS शिखर सम्मेलन के पहले दिन भारत मंडपम में विदेशी मेहमानों के सम्मान में विशेष डिनर का आयोजन किया गया था। इस दौरान मेहमानों को भारतीय संस्कृति और खान-पान की विविधता से परिचित कराने के लिए खास शाकाहारी मेनू तैयार किया गया था।

डिनर में गुजरात के खांडवी मिल-फॉय और अवधी शैली के खुंब गलौटी जैसे स्टार्टर्स परोसे गए। मेन कोर्स में पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, कैरेट बीन पोरीयल, तक्कली बेले सारू और मिलेट पुलाव जैसे व्यंजन शामिल थे। इसके साथ बीटरूट रायता और भारतीय रोटियों व नान की अलग-अलग किस्में भी मेहमानों को परोसी गईं।

BRICS डिनर का यह मेनू भारतीय खान-पान की क्षेत्रीय विविधता को आधुनिक अंदाज में पेश करने के लिए तैयार किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *