Delhi Weather: दिल्ली में भारी बारिश का रेड अलर्ट, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में 11 सितंबर तक झमाझम बारिश का अनुमान

उत्तर प्रदेश गैलरी टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को कई इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक शनिवार और रविवार को दिल्ली में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान जताया है। खासतौर पर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

मानसून ट्रफ की स्थिति से बढ़ी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा अपनी सामान्य स्थिति के आसपास है, जबकि इसका पूर्वी सिरा सामान्य स्थिति से उत्तर में बना हुआ है। अगले दो दिनों में इसके पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर तेज हो सकता है।

6 सितंबर को पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, जबकि 6 से 8 सितंबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं मध्यम बारिश हो सकती है।

11 सितंबर तक कई राज्यों में बारिश

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 5 से 8 सितंबर तक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तराखंड में 5 से 7 और 10 से 11 सितंबर के बीच बारिश की संभावना है। राजस्थान में 6 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश में 5 से 11 सितंबर और छत्तीसगढ़ में 8 से 11 सितंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। वहीं बिहार और झारखंड में 8 से 11 सितंबर के दौरान बारिश हो सकती है। ओडिशा में 9 से 11 सितंबर के बीच व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 से 11 सितंबर तक बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 5 से 7 तथा 10 से 11 सितंबर के बीच भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिमी तट के कोंकण-गोवा और तटीय कर्नाटक में भी बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं।

मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी

अरब सागर में खराब मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को कुछ समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। 5 से 9 सितंबर के बीच अरब सागर के कई हिस्सों में समुद्री परिस्थितियां प्रतिकूल रहने की आशंका है।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

बारिश के दौरान लोगों को जलभराव वाले इलाकों से बचने, यात्रा से पहले ट्रैफिक की स्थिति जांचने और बिजली के तारों से दूर रहने की सलाह दी गई है। आंधी और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें। घर में रहें, खिड़की-दरवाजे बंद रखें और बिजली के उपकरणों का प्लग निकाल दें। बारिश के दौरान पानी वाली जगहों से तुरंत बाहर निकलना भी बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *