दिल्ली SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 47.7 लाख नाम हटे

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राष्ट्रीय

दिल्ली में मतदाता सूची को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। चुनाव आयोग ने सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची के सामने आने के बाद पता चला है कि दिल्ली की पिछली मतदाता सूची की तुलना में 47.7 लाख नाम कम हुए हैं।

पहले दिल्ली की वोटर लिस्ट में करीब 1.45 करोड़ मतदाता दर्ज थे, जबकि नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में लगभग 97.5 लाख मतदाताओं के नाम शामिल हैं। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि किन इलाकों में सबसे ज्यादा नाम हटाए गए हैं।

दिल्ली SIR में इन सीटों पर सबसे ज्यादा नाम हटे

वोटर्स की संख्या के हिसाब से देखें तो बुराड़ी विधानसभा सीट सबसे ऊपर है। यहां करीब 1.67 लाख वोटर्स के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं।

इसके बाद ओखला में 1.63 लाख, बदरपुर में 1,46,673, विकासपुरी में 1,46,225 और रिठाला में करीब 1.06 लाख नाम हटाए गए हैं।

यानी इन विधानसभा क्षेत्रों में पिछली सूची की तुलना में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट लिस्ट में शामिल नहीं हैं।

दिल्ली ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में सबसे कम नाम कहां हटे?

अगर कम संख्या वाले क्षेत्रों की बात करें तो दिल्ली कैंट में सबसे कम 22,855 नाम हटाए गए हैं। इसके बाद रोहिणी में 24,888, शकूर बस्ती में 27,233, राजौरी गार्डन में 30,856 और मटिया महल में 32,099 वोटर्स के नाम हटाए गए हैं।

इससे अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में SIR के दौरान हुए बदलाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।

प्रतिशत के हिसाब से तस्वीर अलग

Delhi SIR Voter List में प्रतिशत के हिसाब से सबसे ज्यादा नाम तुगलकाबाद विधानसभा सीट से हटाए गए हैं। यहां 47.85 प्रतिशत वोटर्स के नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं हैं।

ओखला में यह आंकड़ा 45.33 प्रतिशत, कस्तूरबा नगर में 44.03 प्रतिशत और बदरपुर में 42.67 प्रतिशत रहा।

वहीं रोहिणी में 16.5 प्रतिशत, शकूर बस्ती में 18.74 प्रतिशत, राजौरी गार्डन में 20.86 प्रतिशत, मंगोलपुरी में 21.24 प्रतिशत और मटिया महल में 24.5 प्रतिशत नाम हटाए गए हैं।

किस जिले में सबसे ज्यादा नाम हटे?

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में सबसे ज्यादा 6.79 लाख वोटर्स के नाम ड्राफ्ट लिस्ट से हटाए गए हैं।

पूर्वी दिल्ली में 5.70 लाख, उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 5.43 लाख, दक्षिणी दिल्ली में 5.19 लाख और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में 3.71 लाख नाम हटाए गए हैं।

4 नवंबर को आएगी फाइनल वोटर लिस्ट

Draft Voter List Delhi जारी होने के बाद अब योग्य मतदाताओं के पास दावा और आपत्ति दर्ज कराने का मौका है। चुनाव आयोग ने इसके लिए करीब एक महीने का समय दिया है।

अगर किसी योग्य मतदाता का नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं है, तो वह तय प्रक्रिया के तहत अपना दावा पेश कर सकता है। आयोग के मुताबिक दिल्ली की फाइनल वोटर लिस्ट 4 नवंबर को जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *