कानपुर के चकेरी इलाके में महिला की संदिग्ध मौत के बाद हुआ विरोध प्रदर्शन अब बड़ा पुलिस केस बन गया है। महिला के मायके वालों ने शव रखकर कानपुर-प्रयागराज हाईवे जाम कर दिया था। पुलिस जब लोगों को समझाने पहुंची तो विवाद बढ़ गया और भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
कानपुर पुलिस पर पथराव
मामला चकेरी थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव का है। 32 वर्षीय माला की शादी करीब आठ साल पहले मुन्ना निषाद से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। शनिवार को तबीयत खराब होने पर माला के रिश्तेदार उसे दवा दिलाकर ससुराल छोड़कर गए थे। करीब एक घंटे बाद उसके पति ने फोन कर बताया कि माला ने फंदा लगाकर जान दे दी।
सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
कानपुर हाईवे जाम
रविवार शाम पोस्टमॉर्टम के बाद जब मायके वाले शव लेकर लौट रहे थे, तभी रास्ते में ससुराल पक्ष से विवाद हो गया। मायके वालों ने आरोप लगाया कि महिला की मौत के मामले में ससुराल पक्ष पर पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई।
इसी नाराजगी में चकेरी एयरपोर्ट के पास लोगों ने शव को सड़क पर रखकर कानपुर-प्रयागराज हाईवे जाम कर दिया। इससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस से बढ़ा विवाद
हाईवे जाम की सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बातचीत के दौरान मामला बिगड़ गया। आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
पथराव में चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्र, महाराजपुर इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह और अहिरवां चौकी प्रभारी राजवीर सिंह घायल हुए। अतिरिक्त पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और हाईवे से भीड़ हटाकर यातायात शुरू कराया।
लेखपाल समेत 7 गिरफ्तार
अहिरवां चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लेखपाल समेत 7 गिरफ्तार किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में लेखपाल अंबुज कुमार, सौरभ, लवकुश, दीपू निषाद, मृतका के भाई कैलाश कुमार और दो महिलाएं गीता व शांति शामिल हैं।
पुलिस ने 23 लोगों को नामजद किया है, जबकि 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। बाकी आरोपियों की पहचान वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर की जा रही है।
चकेरी महिला मौत मामले में भी FIR
इस मामले में मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर उसके पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।