विशाखापत्तनम में ब्रिक्स युवा और खेल मंत्रियों की अहम बैठक

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ स्पोर्ट्स

विशाखापत्तनम। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत शनिवार से आंध्र प्रदेश के तटीय शहर विशाखापत्तनम में ब्रिक्स युवा मंत्रियों और खेल मंत्रियों की दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक शुरू हो रही है। सम्मेलन में ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देशों के मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहे हैं। बैठक का उद्देश्य युवा विकास, कौशल निर्माण और खेल के क्षेत्र में सदस्य देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करना है।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान आयोजित इस बैठक को युवा और खेल से जुड़े मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दो दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि साझा चुनौतियों और संभावित सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा करेंगे।

डॉ. मनसुख मांडविया करेंगे बैठक की अध्यक्षता

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ब्रिक्स युवा मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे भी कार्यक्रम में प्रमुख रूप से हिस्सा ले रही हैं।

युवा सत्र में शिक्षा, उद्यमिता, कौशल विकास, युवा कल्याण और टिकाऊ विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी। बैठक के अंत में ‘ब्रिक्स युवा मंत्रियों का संयुक्त घोषणापत्र’ और ‘ब्रिक्स युवा सहयोग ढांचा’ अपनाए जाने की उम्मीद है।

इन पहलों का उद्देश्य ब्रिक्स देशों के युवाओं के बीच सहयोग और संपर्क बढ़ाने के साथ उन्हें शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसरों से जोड़ना है।

23 अगस्त को खेल मंत्रियों की बैठक

सम्मेलन के दूसरे दिन यानी 23 अगस्त को ब्रिक्स खेल मंत्रियों की दूसरी उच्चस्तरीय बैठक आयोजित होगी। इसमें सदस्य देशों के खेल मंत्री खेलों के माध्यम से सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा करेंगे।

भारत ने वर्ष 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए “लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण” (Building for Resilience, Innovation, Cooperation, and Sustainability) को मुख्य विषय बनाया है। यह थीम मानव-केंद्रित विकास और विभिन्न क्षेत्रों में सामूहिक सहयोग पर जोर देती है।

पारंपरिक खेलों और स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी पर जोर

भारत ने अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत खेल क्षेत्र में पारंपरिक एवं स्थानीय खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी और खेल सामग्री निर्माण को भी प्राथमिकता दी है। बैठक में इन क्षेत्रों में सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम के दौरान ‘ब्रिक्स फ्रेंडशिप साइकिलिंग इवेंट’ का भी आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच मैत्री और खेल भावना को बढ़ावा देना है।

11 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

बैठक में ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देश शामिल हो रहे हैं। इनमें भारत, ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं।

प्रतिनिधिमंडल अपने-अपने देशों की प्राथमिकताओं और सुझावों को सामने रखेंगे। इसके साथ ही विभिन्न देशों के बीच द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी। माना जा रहा है कि विशाखापत्तनम में होने वाला यह सम्मेलन युवा और खेल के क्षेत्र में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *