नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA की परीक्षा व्यवस्था में सुधार की कवायद तेज हो गई है। शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए एजेंसी ने 50 से अधिक कर्मचारियों को हटा दिया है। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण पदों पर पेशेवरों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब हाल के दिनों में NTA की परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठे हैं।
शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव, NTA के डायरेक्टर और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में एजेंसी की मौजूदा परीक्षा व्यवस्था और उसमें किए जा रहे सुधारों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मंत्री को अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
50 से ज्यादा कर्मचारियों को हटाया गया
मंत्रालय ने बताया कि NTA से 50 से अधिक कर्मचारियों को हटाया गया है। इसके अलावा परीक्षा संचालन से जुड़े अहम क्षेत्रों में विशेषज्ञों को शामिल करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। सरकार का फोकस परीक्षा प्रणाली को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने और किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना को कम करने पर है।
10 अहम पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
NTA ने चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर, चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर, मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी यानी CISO, जनरल मैनेजर-एग्जाम सिक्योरिटी और जनरल मैनेजर-R&D एवं साइकोमेट्रिक्स समेत 10 पेशेवर पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है। इन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया फिलहाल चल रही है।
इसके अलावा साइबर सिक्योरिटी, साइकोमेट्रिक्स और प्रश्नपत्र तैयार करने जैसे विशेषज्ञ क्षेत्रों के लिए निजी क्षेत्र के विषय विशेषज्ञों को भी जोड़े जाने की योजना है। इससे परीक्षा प्रक्रिया में तकनीकी विशेषज्ञता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
परीक्षा प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू करने के निर्देश
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को मौजूदा परीक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत गोपनीय संचालन व्यवस्था, अलग-अलग कमरों की व्यवस्था, एयर-गैप्ड सिस्टम और परीक्षा से जुड़े उपकरणों को जमा करने की प्रक्रिया में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं।
NTA को सभी परीक्षा प्रक्रियाओं का विस्तृत ऑडिट करने और सुधारात्मक कदमों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया है। मंत्रालय की ओर से उठाए जा रहे इन कदमों का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में सुरक्षा बढ़ाने के साथ छात्रों का भरोसा मजबूत करना है।
यह घटनाक्रम UGC-NET परीक्षा के तीन विषयों के प्रश्नपत्रों में गलतियां मिलने के बाद दोबारा परीक्षा कराने के फैसले के बीच सामने आया है। ऐसे में NTA के लिए परीक्षा संचालन में सटीकता और विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है।