‘नया उत्तर प्रदेश, नई संभावनाएं’: सीएम योगी से वैश्विक कंपनियों की मुलाकात

न्यूज़ लखनऊ न्यूज़

लखनऊ: उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए देश का सबसे भरोसेमंद गंतव्य बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल लगातार रंग ला रही है। इसी क्रम में गुरुवार को मुख्यमंत्री से देश-विदेश की 25 नामी कंपनियों से जुड़े 45 वरिष्ठ उद्योग प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। डब्ल्यूएमजी ग्रुप के नेतृत्व में आए इस प्रतिनिधिमंडल में बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, फार्मा, ग्रीन एनर्जी, बायो रिफाइनरी, फूड प्रोसेसिंग और सर्विस सेक्टर के दिग्गज शामिल रहे।

इस उच्चस्तरीय संवाद में निवेशकों ने उत्तर प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और विस्तार को लेकर करीब ₹6,500 करोड़ के निवेश प्रस्ताव रखे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में बने स्थिर, सुरक्षित और पारदर्शी वातावरण की निवेशकों ने खुलकर प्रशंसा की और इसे दीर्घकालिक निवेश के लिए आदर्श बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक उत्तर प्रदेश को लेकर नकारात्मक धारणाएं बनाई गईं, लेकिन अब समय आ गया है कि नए उत्तर प्रदेश को सही रूप में देखा जाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में असुरक्षा, दंगे और अराजकता आम थी, लेकिन सरकार ने सत्ता संभालते ही इसे समाप्त करने का संकल्प लिया। आज प्रदेश दंगा-मुक्त, माफिया-मुक्त और निवेश-अनुकूल बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज और राज्य की सुरक्षा ही पूंजी की सबसे बड़ी गारंटी होती है। उन्होंने बताया कि पहले जहां हर तीसरे दिन दंगे होते थे, वहीं अब वर्षों से प्रदेश में शांति और स्थिरता बनी हुई है। यही वजह है कि आज निवेशक उत्तर प्रदेश को भरोसे के साथ देख रहे हैं।

इंफ्रास्ट्रक्चर पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे तेजी से विकसित हो रहा राज्य है। एक्सप्रेसवे नेटवर्क, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, आधुनिक रेल व्यवस्था, इनलैंड वॉटरवे और शहरी परिवहन परियोजनाएं प्रदेश को लॉजिस्टिक हब के रूप में स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध निवेश और दूरदर्शी नीतियों का यह प्रत्यक्ष परिणाम है।

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि 2018 की इन्वेस्टर समिट में जहां 4.67 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले थे, वहीं 2023 की ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में रिकॉर्ड 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। यह उत्तर प्रदेश के आर्थिक पुनरुत्थान का स्पष्ट संकेत है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां, आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी और तकनीकी संस्थान मौजूद हैं, जो कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराते हैं। ओडीओपी योजना, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण जैसी परियोजनाएं उत्तर प्रदेश को नई पहचान दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *