नई दिल्ली। दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से निर्धारित किराये से ज्यादा वसूली करने वाले लाइसेंसधारी कुलियों के खिलाफ उत्तर रेलवे ने सख्त कार्रवाई शुरू की है। नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार टर्मिनल पर डिकॉय जांच अभियान चलाकर ऐसे कुलियों को पकड़ा गया, जो यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे थे।
रेलवे के मुताबिक, जांच अभियान के दौरान कुल 13 कुलियों को निर्धारित टैरिफ से अधिक राशि मांगते या लेते हुए पकड़ा गया। दोषी पाए गए कुलियों के बैच और बैज तत्काल प्रभाव से जब्त कर उन्हें ड्यूटी से हटा दिया गया है। रेलवे की ओर से अब लाइसेंस नियमों के तहत इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान आनंद विहार टर्मिनल पर एक कुली ने 230 रुपये की सेवा के लिए यात्री से पहले 800 रुपये मांगे और बाद में 500 रुपये में सौदा तय कर भुगतान लिया। वहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 20 किलो सामान के लिए यात्रियों से 300 और 250 रुपये वसूले गए, जबकि इस वजन के सामान के लिए निर्धारित शुल्क 140 रुपये है।
दिल्ली जंक्शन पर भी पांच कुलियों के खिलाफ निर्धारित दर से अधिक वसूली के मामले सामने आए। यहां दो सामानों के लिए निर्धारित 280 रुपये की जगह यात्रियों से 300 से 500 रुपये तक लिए गए। हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर भी कई कुलियों द्वारा मनमानी राशि मांगने और UPI या QR कोड के जरिए भुगतान लेने के मामले सामने आए।
उत्तर रेलवे ने स्पष्ट किया है कि रेलवे स्टेशनों पर लाइसेंसधारी कुली यात्रियों से केवल निर्धारित टैरिफ के अनुसार ही शुल्क ले सकते हैं। किसी भी यात्री से अतिरिक्त रकम मांगना नियमों का उल्लंघन है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे कुलियों को निर्धारित किराये से अधिक भुगतान न करें। यदि कोई कुली मनमाना किराया मांगता है तो यात्री इसकी शिकायत रेल मदद के माध्यम से कर सकते हैं। रेलवे का कहना है कि यात्रियों के हितों की रक्षा के लिए इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।