उत्तर प्रदेश के झांसी से एक हैरान करने देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक नाइट क्लब के अंदर युवकों के बीच हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। क्लब का पूरा माहौल किसी अखाड़े में तब्दील हो गया। विवाद के दौरान शराब की बोतलों और कुर्सियों से एक-दूसरे पर हमला किया गया, जिसमें एक युवक का सिर फट गया और उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट का यह पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गया है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पार्टी करने गए युवकों पर शराब की बोतल से हमला
यह पूरा मामला झांसी के पॉश इलाके सिविल लाइंस स्थित ‘ईबीजा नाइट क्लब’ का है। सीपरी बाजार के रहने वाले पीड़ित युवक शिवम शुक्ला के मुताबिक, वह अपने दोस्तों के साथ क्लब में पार्टी करने गया था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लात-घूंसे चलाने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने शिवम के सिर पर कांच की शराब की बोतल से वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा।
सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ हंगामे का वीडियो
मारपीट के दौरान क्लब के भीतर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक एक-दूसरे पर हमला करते और कुर्सियां फेंकते साफ नजर आ रहे हैं। इस घटना में शिवम के दो अन्य दोस्तों को भी शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
नियमों की धज्जियां उड़ाने और देर रात तक खुलने के आरोप
पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि इस नाइट क्लब में पहले भी कई बार विवाद, मारपीट और हंगामे की घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय निवासियों का भी कहना है कि यह क्लब प्रशासनिक नियमों के विपरीत देर रात तक संचालित होता है। शिकायतों के बावजूद कड़ी कार्रवाई न होने के कारण यहां आने वाले उपद्रवियों के हौसले बुलंद हैं। इससे पहले भी प्रदेश के कई शहरों से क्लब में मारपीट के मामले सामने आ चुके हैं।