वीजा न मिलने से सिडनी शो में नहीं पहुंच सके मोहनलाल, भावुक होकर फैंस से मांगी माफी

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ मनोरंजन

मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल को वीजा नहीं मिलने के कारण ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में होने वाले स्टेज शो में शामिल नहीं हो सके। कार्यक्रम में उनके शामिल न हो पाने के चलते शो को रद्द करना पड़ा। इस घटना के बाद अभिनेता ने सिंगापुर से एक वीडियो संदेश जारी कर आयोजकों, अपनी टीम और शो में पहुंचने वाले दर्शकों से दिल से माफी मांगी।

मोहनलाल ने कहा कि वह इस पूरे घटनाक्रम से बेहद दुखी हैं और किसी को दोष नहीं देना चाहते। उन्होंने बताया कि उनके करीब पांच दशक लंबे करियर में पहली बार ऐसा हुआ है, जब उन्हें किसी कार्यक्रम के लिए वीजा नहीं मिल पाया।

‘जिंदगी में पहली बार मुझे वीजा नहीं मिला’

वीडियो संदेश में मोहनलाल ने बताया कि उन्होंने इस साल अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन और आयरलैंड में कई कार्यक्रम किए थे। सिडनी के शो को लेकर भी उनकी टीम ने काफी तैयारी की थी। उनके मुताबिक कार्यक्रम को खास कॉन्सेप्ट के साथ तैयार किया गया था और टीम के कई सदस्य सिडनी पहुंच भी चुके थे।

अभिनेता ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अचानक ऐसी स्थिति कैसे पैदा हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि वीजा नहीं मिलने के पीछे कोई तकनीकी या प्रशासनिक वजह हो सकती है, लेकिन वह इसकी वजह को लेकर किसी पर आरोप नहीं लगाना चाहते।

शो कैंसिल होने की जिम्मेदारी खुद ली

मोहनलाल ने कार्यक्रम रद्द होने की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि उन्हें इसका बेहद अफसोस है। उन्होंने आयोजकों और अपनी टीम की मेहनत की भी सराहना की। अभिनेता ने विशेष रूप से ‘कायल इवेंट्स’ के विमल और उनकी टीम का जिक्र करते हुए कहा कि सभी लोगों ने शो को सफल बनाने के लिए पूरी मेहनत की थी।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कई लोग दूर-दूर से पहुंचे थे और ऐसे में उनका शो में शामिल न हो पाना उनके लिए भी बेहद दुखद है।

फैंस से किया वापस आने का वादा

मोहनलाल ने सिडनी शो देखने पहुंचे दर्शकों से खास तौर पर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि जो लोग दूर-दूर से यात्रा करके कार्यक्रम देखने पहुंचे थे, उनके लिए यह स्थिति बेहद निराशाजनक रही होगी।

अभिनेता ने अपने फैंस से वादा किया कि वह उसी टीम के साथ सिडनी वापस आएंगे और एक शानदार शो करेंगे। उन्होंने लोगों से उनकी माफी स्वीकार करने की अपील भी की।

मोहनलाल के इस भावुक संदेश के बाद उनके फैंस के बीच भी निराशा देखने को मिली, लेकिन उनके दोबारा सिडनी आकर कार्यक्रम करने के वादे ने उम्मीद जरूर जगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *