कानपुर में ट्रेनी विमान क्रैश, एक पायलट की मौत, दूसरा गंभीर

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

यूपी के कानपुर से एक बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। कानपुर में गुरुवार दोपहर उड़ान भर रहा एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक हादसे का शिकार हो गया। गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास विमान तेज धमाके के बाद जमीन पर जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए।

 

बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया एयरक्राफ्ट

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान ट्विन इंजन था और उसमें दो पायलट सवार थे। उड़ान के दौरान अचानक विमान में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद विमान अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर धुआं और मलबा फैल गया। हादसे से जुड़ी जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं उसमें एयरक्राफ्ट बुरी तरह से क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। घटनास्थल पर गंभीर हालत में एक शख्स जमीन पर लेटा नजर आ रहा है।

 

एक पायलट की मौत, दूसरा गंभीर

हादसे में एक पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पायलट को गंभीर हालत में विमान के मलबे से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायल पायलट को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। विमान गिरने की खबर आसपास के गांवों में तेजी से फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को घेर लिया और लोगों को मलबे के पास जाने से रोका।

 

हादसा कैसे हुआ, जांच शुरू

प्रशासन और पुलिस की टीमें हादसे की जांच में जुट गई हैं। विमान किस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उड़ान के दौरान उसमें धमाका क्यों हुआ और तकनीकी खराबी की कोई भूमिका थी या नहीं, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी और विमान के क्रैश होने की वास्तविक वजह का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *