एशिया कप से पहले टीम इंडिया को झटका, हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते द हंड्रेड से बाहर हुईं जेमिमा रोड्रिग्स

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ स्पोर्ट्स

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स को लेकर टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इंग्लैंड में खेले जा रहे द हंड्रेड टूर्नामेंट के मौजूदा सीजन में शानदार फॉर्म में चल रहीं जेमिमा हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। वह सदर्न ब्रेव की टीम का हिस्सा थीं।

सदर्न ब्रेव फ्रेंचाइजी ने 8 अगस्त को जेमिमा के टूर्नामेंट से बाहर होने की जानकारी दी। उनकी जगह ऑलराउंडर चार्ली नॉट को टीम के स्क्वाड में शामिल किया गया है। हालांकि, जेमिमा की चोट कितनी गंभीर है, इसे लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

द हंड्रेड में शानदार रहा जेमिमा का प्रदर्शन

जेमिमा रोड्रिग्स के लिए द हंड्रेड का मौजूदा सीजन अब तक काफी अच्छा रहा। सदर्न ब्रेव की तरफ से खेलते हुए उन्होंने 6 पारियों में 143 रन बनाए। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 35.75 और स्ट्राइक रेट 131.19 रहा।

ऐसे समय में जब जेमिमा अच्छी लय में थीं, उनका चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर होना भारतीय टीम के लिए चिंता की बात है। जेमिमा टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर में अहम भूमिका निभाती हैं और उनकी गैरमौजूदगी का असर बल्लेबाजी संयोजन पर पड़ सकता है।

एशिया कप से पहले फिटनेस पर नजर

महिला एशिया कप 2026 का आयोजन 28 अगस्त से दुबई में होना है। ऐसे में जेमिमा की फिटनेस भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी हैमस्ट्रिंग चोट कितनी गंभीर है। माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी ने उन्हें एहतियात के तौर पर टूर्नामेंट से बाहर रखने का फैसला किया हो, ताकि चोट आगे गंभीर रूप न ले।

30 अगस्त को थाईलैंड से होगा भारत का पहला मुकाबला

एशिया कप में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी और उन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। भारतीय टीम ग्रुप-ए में है। टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 3 सितंबर को हांगकांग और 5 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला होगा।

दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 10 और 11 सितंबर को खेले जाएंगे, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 13 सितंबर को होगा।

अब सभी की नजरें जेमिमा रोड्रिग्स की फिटनेस रिपोर्ट पर हैं। भारतीय टीम चाहेगी कि स्टार बल्लेबाज एशिया कप से पहले पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *