मुजफ्फरनगर: सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के बीच उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश करने वाली पहल सामने आई है। शहर के मुस्लिम धर्मगुरुओं और सामाजिक संगठनों ने कांवड़ यात्रा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन के लिए 11 सूत्रीय जनहित अपील जारी की है। इस पहल का उद्देश्य प्रशासन का सहयोग करना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और शिवभक्तों के प्रति सम्मान का संदेश देना है।
5 अगस्त की शाम आयोजित बैठक में शाह लाइब्रेरी के संस्थापक मौलाना कारी खालिद हुसैन सहित कई प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी है और मुस्लिम समाज इस यात्रा का सम्मान करता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रा के दौरान प्रशासन और श्रद्धालुओं को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
फलाह इंसानियत सोसाइटी की ओर से जारी 11 सूत्रीय अपील में लोगों से कांवड़ मार्गों को खाली रखने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने, अफवाहों से बचने, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट साझा न करने और किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है। साथ ही असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने, कानून अपने हाथ में न लेने और जिले में शांति व भाईचारा बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
इन दिशा-निर्देशों के पोस्टर मुस्लिम बहुल इलाकों और कई धार्मिक स्थलों के बाहर लगाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका पालन कर सकें। सामाजिक संगठनों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान आपसी सहयोग और संवेदनशीलता ही शांति बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इससे समाज में धार्मिक सद्भाव और एक-दूसरे की आस्था के सम्मान का सकारात्मक संदेश जाता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे प्रयास सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और त्योहारों के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने में मददगार साबित होते हैं।