तमिलनाडु में CM मोहन यादव का रोड शो, कांग्रेस-DMK पर साधा निशाना

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राष्ट्रीय

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर नमक्कल जिले की राशिपुरम विधानसभा क्षेत्र में जोरदार रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रेम कुमार के समर्थन में जनता से वोट की अपील की और कांग्रेस तथा DMK पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने विपक्ष को महिला विरोधी बताते हुए महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भी तीखा हमला किया।

राशिपुरम विधानसभा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मोहन यादव ने कहा कि “दूसरी J. Jayalalithaa न खड़ी हो जाए, इसलिए पूरा विपक्ष एक हो गया और महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने दिया।” उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष नहीं चाहता कि गरीब परिवार की बेटी, किसान की बेटी और सामान्य परिवार की महिलाएं संसद और विधानसभा तक पहुंचें।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के दिल में तमिलनाडु और तमिल संस्कृति बसती है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति A. P. J. Abdul Kalam, अम्मा जयललिता और प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण को याद करते हुए तमिलनाडु की महान परंपरा को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तमिल भाषा और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि देश की वित्त व्यवस्था की जिम्मेदारी Nirmala Sitharaman को दी गई है, जबकि विदेशों में भारत का सम्मान बढ़ाने वाले विदेश मंत्री S. Jaishankar भी तमिलनाडु से हैं। इससे स्पष्ट है कि केंद्र सरकार तमिलनाडु को कितना महत्व देती है।

मोहन यादव ने DMK और कांग्रेस पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों पार्टियां एक ही परिवार के इर्द-गिर्द घूमती हैं। उन्होंने कहा कि ये दल सत्ता को सिर्फ अपने परिवार तक सीमित रखना चाहते हैं और जनता के हितों की अनदेखी कर रहे हैं। “तुम भी लूटो, हम भी लूटें” की राजनीति कांग्रेस और DMK कर रही हैं।

उन्होंने राशिपुरम की स्थानीय समस्याओं का भी जिक्र किया और कहा कि यहां न पीने का पानी है और न ही सिंचाई की समुचित व्यवस्था। जो सरकार पानी तक नहीं दे सकती, वह निकम्मी सरकार है और उसे बदलना जरूरी है।

अंत में उन्होंने दावा किया कि जनता के रुझान से साफ है कि भाजपा गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि 4 मई को भारी जीत का जुलूस निकाला जाएगा और अंतिम वोट पड़ने तक कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटे रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *