उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने जुलाई महीने के लिए बिजली दरों में कटौती करने का फैसला किया है। इस नए बदलाव के बाद उपभोक्ताओं का बिजली बिल 4.43 प्रतिशत तक कम हो जाएगा। राहत की सबसे अच्छी बात यह है कि इसका फायदा किसी एक वर्ग को नहीं, बल्कि राज्य के सभी कैटेगरी के बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा, चाहे वह घरेलू कनेक्शन हो या कमर्शियल।
क्या है UPPCL FPPAS कटौती का कारण?
अब आप सोच रहे होंगे कि अचानक यह बिल कम कैसे हो रहा है। दरअसल, ऐसा ‘फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज’ यानी FPPAS के निगेटिव होने की वजह से हुआ है। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्ररीसिटी रेगुलेटरी कमीशन (UPERC) के नियमों के मुताबिक, अप्रैल 2026 में बिजली खरीद की वास्तविक लागत तय लागत से कम रही। अप्रैल में बिजली की वास्तविक औसत लागत 4.78 रुपये प्रति यूनिट थी, जबकि मंजूर लागत 4.94 रुपये प्रति यूनिट थी। इसी वजह से कुल 358.31 करोड़ रुपये का एक नेगेटिव एडजस्टमेंट तैयार हुआ, जिसे अब जुलाई के बिल में एडजस्ट करके उपभोक्ताओं को दिया जा रहा है। पिछले 15 महीनों में यह उपभोक्ताओं को मिलने वाला सबसे बड़ा मासिक फायदा है।