Amarnath Yatra 2026: जम्मू ट्रैफिक एडवाइजरी से आसान होगा आपका सफर,

इमेज गैलरी गैलरी टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय

जम्मू ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता और श्रद्धालुओं के लिए एक विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। प्रशासन का कहना है कि भक्तों का पहला जत्था 2 जुलाई को भगवती नगर के यात्री निवास से रवाना होने वाला है। बालटाल जाने वाली गाड़ियां सुबह 4 बजे और पहलगाम जाने वाली गाड़ियां सुबह 4:15 बजे निकलेंगी। इस वजह से सुबह 3:45 बजे से लेकर जब तक पहलगाम का पूरा काफिला सुरक्षित ढंग से आगे नहीं निकल जाता, तब तक शहर के कई प्रमुख रास्तों पर आम वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। हाईवे पर सफर करने वाले लोगों के लिए रात के समय भी कुछ नए नियम बनाए गए हैं ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।

 

इस दौरान जम्मू शहर के कई मुख्य रास्तों पर रूट बदले गए हैं। कैनाल हेड से श्री बंदा बहादुर चौक, बेलीचरणा पुल से चौथे तवी पुल की तरफ जाने वाला रास्ता और पनामा चौक से होटल एशिया मार्ग पूरी तरह प्रभावित रहेगा। इसके अलावा गांधी नगर फ्लाईओवर से एशिया क्रॉसिंग, वेयरहाउस से बिक्रम चौक और बस स्टैंड से मंडा तक के बीसी रोड पर ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेगा। हाईवे पर सफर करने वालों के लिए नगवाल, कुंजवानी चौक और नगरोटा जैसे इलाकों में कट-ऑफ पॉइंट तय किए गए हैं, जहां रात 10 बजे के बाद भारी वाहनों और रात 12 बजे के बाद हल्के वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा।

 

इस साल की अमरनाथ यात्रा पूरे 57 दिनों तक चलने वाली है और इसका समापन 28 अगस्त को होगा। ध्यान देने वाली बात यह भी है कि सुरक्षा कारणों से इस बार दोनों रूटों को ‘नो-फ्लाई ज़ोन’ रखा गया है, यानी हेलीकॉप्टर सेवा नहीं मिलेगी। ऐसे में अगर आप किसी भी परेशानी से बचना चाहते हैं, तो ट्रैफिक पुलिस की इस सलाह को मानें, समय से पहले निकलें और वैकल्पिक रास्तों का ही चुनाव करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *