उत्तर प्रदेश के मेरठ से पकड़े गए संदिग्ध उजैद से हुई पूछताछ में सुरक्षा एजेंसियों के हाथ कई अहम जानकारियां लगी हैं। जांच में सामने आया है कि सीमा पार बैठे आतंकी आका सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़कर एक बड़े हमले की तैयारी में जुटे थे। इस पूरे नेटवर्क में मेरठ फिदायीन मॉड्यूल से जुड़ी कई परतें खुल रही हैं, जिसमें इंस्टाग्राम और सेशन ऐप पर खास ग्रुप बनाकर युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और ट्रेनिंग देने का काम चल रहा था।
सोशल मीडिया ग्रुप्स के जरिए चल रही थी ट्रेनिंग
जांच में पता चला है कि गिरफ्तार उजैद ने इंस्टाग्राम पर चार अलग-अलग आईडी बनाई थीं। इसके अलावा इंस्टाग्राम और सेशन ऐप पर दो ग्रुप तैयार किए गए थे, जिनमें पीओके के आमिर हमजा, अबू मुसाब, फुरकान और कामरान जैसे लोग जुड़े हुए थे। साथ ही इंस्टाग्राम पर ‘अल-मुजाहिद’ नाम का एक अलग ग्रुप भी सक्रिय था, जिसमें अबू हमजा, अबू मुसाब और कामरान शामिल थे। इन ग्रुप्स में आईएसआई से जुड़े गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क की भी भूमिका सामने आई है, जहां से युवाओं को हमले की ट्रेनिंग दी जा रही थी।
युवाओं को जोड़ने और रेकी करने की थी जिम्मेदारी
दरअसल, साल 2025 में जम्मू में पकड़े गए आतंकी साजिद से पूछताछ के दौरान उजैद का नाम सामने आया था, जिसके बाद से वह पिछले दस महीने से फरार चल रहा था। सोमवार को जम्मू पुलिस और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कोतवाली क्षेत्र से उसे दबोच लिया। पूछताछ में उजैद ने बताया कि वह इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भारत विरोधी वीडियो देखता था और एक वीडियो पर ‘हम भी तैयार हैं’ कमेंट करने के बाद साजिद के संपर्क में आया। इसके बाद उसे यूपी में किशोरों और युवाओं के मोबाइल पर आतंकी संगठनों के वीडियो भेजकर उन्हें इस नेटवर्क से जोड़ने का काम सौंपा गया था, जिन्हें वह बाद में डिलीट कर देता था।
सेना के काफिले और वीआईपी थे निशाने पर
पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि साल 2025 में उजैद और उसके साथियों ने सेना के किसी बड़े चेक पोस्ट या काफिले पर फिदायीन हमले की योजना बनाई थी। इस साजिश के तहत साजिद को रेकी करने का जिम्मा दिया गया था, जबकि हथियार और विस्फोटक जैकेट जुटाकर हमले को अंजाम देने का काम उजैद को सौंपा गया था। इसके लिए उसे ऑनलाइन ट्रेनिंग भी दी गई थी और उनके निशाने पर वीआईपी व कई अहम स्थान भी थे। फिलहाल पुलिस उजैद के संपर्क में रहे अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।