दुनियाभर की सुंदरियों के बीच हुए मुकाबले के बाद आखिरकार मिस यूनिवर्स 2026 का ताज प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के सिर सज गया है। 25 नवंबर की सुबह भारतीय समयानुसार प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन में आयोजित 75वें समारोह में उन्होंने जीत हासिल कर नया कीर्तिमान बनाया। खास बात यह है कि जेनिफर शादीशुदा होने के साथ-साथ एक बेटी की मां भी हैं और यह खिताब अपने नाम करने वाली पहली विवाहित महिला और मां बन गई हैं। घरेलू दर्शकों के बीच मिली इस जीत ने प्यूर्टो रिको को छठी बार यह सम्मान दिलाया है।
116 प्रतिभागियों के बीच जेनिफर ने मारी बाजी
इस बार के आयोजन में 116 देशों और क्षेत्रों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 115 को पीछे छोड़कर जेनिफर बैरेटो अव्वल रहीं। अंतिम पांच में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज, वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएट्ज, फिलीपींस की बी मिलान-विंडोर्स्की और न्यूजीलैंड की जॉर्जिया वाडिंगटन ने जगह बनाई थी। मुकाबले में मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप और क्लारा वेगास गोएट्ज सेकेंड रनर-अप रहीं, जबकि बी मिलान-विंडोर्स्की को तीसरा और जॉर्जिया वाडिंगटन को चौथा स्थान मिला। इससे पहले प्यूर्टो रिको की पांच अन्य प्रतिभागी यह ताज जीत चुकी थीं।
कौन हैं जेनिफर बैरेटो और क्या है उनका सफर
17 दिसंबर 1998 को मायागुएज में जन्मी और इसाबेला में पली-बढ़ी जेनिफर की शुरुआती पढ़ाई सैन सेबेस्टियन और अगुआडिला में हुई। स्कूल के दिनों में उन्हें वॉलीबॉल खेलने का शौक रहा, लेकिन उनकी पहचान सिर्फ खेल या मॉडलिंग तक सीमित नहीं है। उन्होंने रिसर्च साइकोलॉजी में स्नातक करने के बाद साइकोलॉजी और क्लिनिकल सोशल वर्क में दो मास्टर डिग्रियां भी हासिल की हैं। पढ़ाई के दौरान मिली इसी समझ ने उन्हें समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए काम करने की दिशा दी।
सामाजिक सेवा और मानसिक स्वास्थ्य में योगदान
प्रतियोगिता से पहले भी जेनिफर समाज सेवा और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कामों में सक्रिय रही हैं। 2021 में उन्होंने टेक्सास के फोर्ट हूड में अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ काम की शुरुआत की और फैमिली एडवोकेसी प्रोग्राम के तहत घरेलू हिंसा व बच्चों से जुड़े मामलों में सैन्य परिवारों की मदद की। बाद में उन्होंने प्रिवेंशन स्पेशलिस्ट के तौर पर समुदाय की जरूरत के हिसाब से योजनाएं बनाईं, साथ ही कार्ल आर डार्नल आर्मी मेडिकल सेंटर में वालंटियर और प्यूर्टो रिको की पीडियाट्रिक डायबिटीज एसोसिएशन से जुड़कर भी काम किया।