महाराष्ट्र के नागपुर में हुई एक बड़ी लूट की रकम मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से मिल गई है। नागपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम डोरली में दबिश देकर एक खेत में रखे भूसे के ढेर के नीचे छिपाई गईं नोटों से भरी तीन बोरियां जब्त की हैं। इन बोरियों से 3.74 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी मिली है। इस कार्रवाई के बाद बालाघाट में 3.74 करोड़ बरामद होने की चर्चा पूरे इलाके में तेज हो गई है।
कैसे हुई थी 3.74 करोड़ की लूट
मिली जानकारी के मुताबिक 18-19 नवंबर की दरमियानी रात नागपुर के तुलसी नगर इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से 3.74 करोड़ रुपये से भरी कार लूट ली थी। इस घटना के बाद नागपुर पुलिस, क्राइम ब्रांच और स्पेशल टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में लगी थीं। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला कि लूटी गई रकम बालाघाट जिले में छिपाई गई है, जिसके बाद पुलिस टीमें पिछले चार दिनों से वारासिवनी क्षेत्र में डेरा डाले हुए थीं।
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर मिली बोरियां
पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी शुभम, जो बम्हनी का रहने वाला है और हाल में नागपुर में रह रहा था, उसे पकड़कर सख्ती से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ग्राम डोरली पहुंची, जहां आरोपी के जीजा अरविंद डहरवाल के खेत में रखे भूसे के ढेर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां से नोटों से भरी तीन बोरियां बरामद हुईं, जिनमें 3.74 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि रखी गई थी।
परिवार ने क्या बताया और पुलिस की आगे की कार्रवाई
अरविंद के पिता दिनेश डहरवाल के अनुसार, चार दिन पहले शाम करीब चार बजे अरविंद का साला शुभम कार से नोटों से भरी ये तीन बोरियां लेकर आया था और उन्हें भूसे के ढेर में छिपा दिया था। जब उन्होंने अपने बेटे से इस बारे में पूछा, तो उसने इसे काला धन बताया था। फिलहाल नागपुर पुलिस ने पूरी रकम को अपने कब्जे में ले लिया है और अरविंद डहरवाल को हिरासत में लेकर अन्य मददगारों की भूमिका की जांच की जा रही है। वहीं, हाल ही में रतलाम पुलिस द्वारा भी 48 घंटे में करोड़ों की लूट का खुलासा कर 6 आरोपियों को पकड़ने और सोना-चांदी बरामद करने की घटना सामने आई थी।