उत्तर प्रदेश को औद्योगिक निवेश और मैन्युफैक्चरिंग के बड़े केंद्र के रूप में आगे बढ़ाने की दिशा में एक और अहम कदम जुड़ने जा रहा है। वैश्विक स्तर पर सस्टेनेबल एल्युमीनियम पैकेजिंग के क्षेत्र में काम करने वाली प्रमुख कंपनी बाल कॉरपोरेशन मेरठ में 2,913 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 25 नवंबर को इस परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। इस पहल के साथ ही मेरठ में बाल कॉरपोरेशन का निवेश राज्य के औद्योगिक माहौल में एक नई गति जोड़ने वाला माना जा रहा है।
मेरठ के आईएमएलसी में बनेगी एल्युमीनियम बेवरेज कैन इकाई
यह नई औद्योगिक इकाई मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर यानी आईएमएलसी में स्थापित की जाएगी। यहां मुख्य रूप से एल्युमीनियम बेवरेज कैन का निर्माण किया जाएगा। कंपनी का यह कदम उत्तर प्रदेश में विदेशी और वैश्विक कंपनियों के बढ़ते भरोसे को भी दिखाता है। इस परियोजना को राज्य सरकार की एफडीआई, एफसीआई एवं फॉर्च्यून ग्लोबल 500 और फॉर्च्यून इंडिया 500 कंपनियों की निवेश प्रोत्साहन नीति-2023 के तहत आवश्यक सुविधाएं दी जा रही हैं।
रोजगार और स्थानीय कारोबार को मिलेगा सहारा
इस प्लांट के शुरू होने से लगभग 298 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार होने की उम्मीद है। इसके अलावा आसपास के स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं, लॉजिस्टिक्स ऑपरेटरों, परिवहन कंपनियों और सहायक उद्योगों के लिए भी काम के नए रास्ते खुलेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को मजबूती मिलने की संभावना है।
25 करोड़ उपभोक्ताओं वाले बाजार तक आसान पहुंच
मेरठ आईएमएलसी की लोकेशन कंपनी को प्रमुख बाजारों, ग्राहकों और वितरण नेटवर्क तक सीधी पहुंच देगी, जिससे लॉजिस्टिक्स खर्च कम होगा और सप्लाई चेन ज्यादा बेहतर तरीके से काम कर सकेगी। उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ से अधिक आबादी के साथ पूरे उत्तर भारत के बड़े बाजार तक पहुंच इस इकाई के लिए फायदेमंद साबित होगी, खासकर तब जब सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस और एनर्जी ड्रिंक्स जैसे पैकेज्ड पेय पदार्थों की मांग लगातार बढ़ रही है।