भदोही। शहीदाने कर्बला की याद में मनाया जाने वाला चेहल्लुम का जुलूस शुक्रवार को पूरे अकीदत और एहतराम के साथ निकाला गया। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से निकले ताजिया जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। पूरे मार्ग पर “या हुसैन” और “नारा-ए-तकबीर” की गूंज सुनाई देती रही। जुलूस अपने पारंपरिक मार्गों से होते हुए कर्बला पहुंचा, जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजियों को ठंडा किया गया।
नगर के बालीपुर से निकला मुख्य ताजिया जुलूस पाल तिराहे, मुखर्जी पार्क स्थित इमाम चौक, कोतवाली, पुरानी बाजार, लालानगर मोड़ और फकीरान बस्ती से होकर गुजरा। इस दौरान भुड़की सहित अन्य मोहल्लों के ताजिये भी जुलूस में शामिल होते गए। इसके बाद जुलूस प्रोफेसर कॉलोनी, कारागार और दुर्गागंज मार्ग से होते हुए कर्बला पहुंचा। रास्ते में युवाओं ने लाठी, डंडा, तलवार और भाले के पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
नगर के विभिन्न मोहल्लों से दोपहर तक ताजिये मुख्य मार्ग पर पहुंचने लगे थे। लगभग ढाई बजे सभी ताजिये पारंपरिक मार्गों से आगे बढ़े और नथईपुर तिराहे के रास्ते कर्बला की ओर रवाना हुए। जुलूस में छोटे-बड़े मिलाकर तीन दर्जन से अधिक ताजिये शामिल हुए। इनमें कई छोटे ताजिये बच्चों द्वारा तैयार किए गए थे, जिन्होंने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ चेहल्लुम की रस्मों में हिस्सा लिया।
देवगजितपुर और पसड़ियापुर समेत आसपास के क्षेत्रों के ताजिये भी शाम तक कर्बला पहुंच गए। धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार सभी ताजियों को ठंडा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। पुलिस अधीक्षक अभिनव के नेतृत्व में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी चमन सिंह चावड़ा समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात रहा। अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जिससे चेहल्लुम का जुलूस शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ।