सहारनपुर: सहारनपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र में मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। चिराउ गांव में नलकूप के पास करीब 30 फीट गहरे गड्ढे में मिट्टी का हिस्सा अचानक धंस गया। हादसे में गड्ढे के अंदर काम कर रहे 45 वर्षीय राजेंद्र और उनके 12 वर्षीय भतीजे गौरव की मलबे में दबने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि राजेंद्र गड्ढे से ईंटें निकाल रहे थे। उनका भतीजा गौरव गड्ढे के ऊपर किनारे पर बैठा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी खिसकने से गौरव गड्ढे में गिर गया और दोनों मलबे में दब गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से कई घंटे तक बचाव अभियान चलाया गया। रेस्क्यू टीम ने पहले राजेंद्र को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद गौरव को भी मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। एक ही परिवार के चाचा-भतीजे की मौत से गांव में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।