लेह में योग दिवस समारोह में शामिल हुए उपराष्ट्रपति

टॉप -न्यूज़

भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज लेह, लद्दाख में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लिया और नागरिकों से एक स्वस्थ, खुशहाल और शांतिपूर्ण समाज के लिए योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

लद्दाख के बेहद खूबसूरत हिमालयी परिदृश्य के बीच लोगों को संबोधित करते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का एक रूप नहीं है, बल्कि यह मानवता के लिए भारत की ओर से एक प्राचीन उपहार है। उन्होंने कहा कि वर्षों के ध्यान, तपस्या और आध्यात्मिक खोज के माध्यम से, भारत के ऋषियों ने एक ऐसी समग्र प्रणाली विकसित की, जो शरीर को पोषित करती है, मन को शांत करती है और आत्मा को उन्नत करती है।

 

उपराष्ट्रपति ने इस बात पर प्रकाश डाला कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और रफ्तार मिली है। 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में उनके आह्वान पर, 175 से अधिक सदस्य देशों के समर्थन से संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।

 

इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” का उल्लेख करते हुए सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा में प्रगति और जीवन प्रत्याशा में वृद्धि होने से समाज के लिए नई जिम्मेदारियां सामने आई हैं। ‘इंडिया एजिंग रिपोर्ट 2023’ का हवाला देते हुए, उन्होंने कहा कि 2050 तक भारत की लगभग एक-पांचवीं आबादी बुजुर्ग होगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह सुनिश्चित करना ज़रुरी है कि “जीवन में जुड़ने वाले वर्षों का अर्थ, वर्षों में जीवन का जुड़ना भी हो” और उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण और सक्रिय रूप से उम्र बढ़ने को बढ़ावा देने के लिए योग को एक शक्तिशाली साधन बताया।

 

उपराष्ट्रपति ने कहा कि ज़्यादा ऊंचाई वाली जगहों पर जीवन जीने के लिए ज्यादा सहनशक्ति, अनुशासन और हालात के अनुसार ढलने की क्षमता की ज़रूरत होती है और योग इन गुणों को विकसित करने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि लद्दाख के लोग लंबे समय से साहस, सादगी और प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर रहने का उदाहरण पेश करते रहे हैं। ये ऐसे मूल्य हैं, जो योग की विचारधारा से गहराई से जुड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *