शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती प्रेम प्रसंग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

मामला रूपईडीहा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां आसिया बानो नाम की युवती ने अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा कर दिया।

युवती का आरोप था कि उसका प्रेमी रमजान शादी का वादा करने के बाद अब पीछे हट रहा है। इस बात से नाराज होकर उसने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, आसिया बानो का इलाके के रहने वाले रमजान नाम के युवक से प्रेम संबंध था। रमजान पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी बताया जा रहा है।

इसके बावजूद दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत और मुलाकातें होती थीं। आसिया लगातार रमजान पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन हाल ही में दोनों के बीच इस मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि बहस के बाद गुस्से में आसिया पास में लगे एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

युवती को टावर पर चढ़ता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

कई लोग युवती को नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह लगातार कूदने की धमकी देती रही।

घटना की सूचना मिलते ही रूपईडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत इलाके को खाली कराया और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास शुरू किया।

करीब दो घंटे तक चले ड्रामे के दौरान पुलिस और परिजन लगातार युवती से बात करते रहे। काफी समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार आसिया नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई।

पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद उसके परिवार वालों और प्रेमी रमजान को थाने बुलाया।

दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों परिवारों के बीच बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं और प्रेम संबंध को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें और इस तरह के खतरनाक कदम न उठाएं।

फिलहाल युवती सुरक्षित है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह घटना सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *