Sasaram रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन की एक जनरल बोगी में अचानक आग लग गई। प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर खड़ी ट्रेन से अचानक धुआं उठनेलगा, जिसके बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन (53212) के इंजन से पांचवें नंबर की सामान्य बोगी में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और धुआं पूरे प्लेटफॉर्म पर फैल गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
यह ट्रेन रोज सुबह करीब 6:45 बजे पटना के लिए रवाना होती है। राहत की बात यह रही कि ट्रेन के खुलने से पहले ही यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को बोगी से धुआं उठता दिखाई दे गया। सतर्कता दिखाते हुए यात्रियों को तुरंत बाहर निकाला गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। आग को दूसरी बोगियों तक फैलने से रोकने के लिए प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की दो बोगियों में भी आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।