उत्तर प्रदेश के Chandauli जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक युवक दूसरे युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में आरोपी युवक गाली-गलौज करते हुए पीड़ित को पिस्टल दिखाकर धमकाता नजर आ रहा है। इतना ही नहीं, दबंग युवक ने पीड़ित को थूक चाटने के लिए भी मजबूर किया।
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो पुराना है और इस संबंध में पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपी की पहचान आंशु सिंह पुत्र राकेश कुमार सिंह निवासी भगतपुरा थाना बबुरी के रूप में हुई है।
Aakash Patel ने बताया कि यह घटना करीब 9 से 10 महीने पुरानी है। इस मामले में थाना जमालपुर, जनपद मिर्जापुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी आंशु सिंह को पूछताछ के लिए थाना बबुरी बुलाया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोग आरोपी के व्यवहार की कड़ी निंदा कर रहे हैं।